Bareilly : डीआईजी ने रेंज के चारों जिलों में भेजे 267 पुलिसकर्मी, कानून-व्यवस्था होगी मजबूत
बरेली, अमृत विचार। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने शनिवार को स्थानांतरित होकर आए इंस्पेक्टर, दरोगा और मुख्य आरक्षियों को बरेली रेंज के चारों जिले में तैनाती दी। इनमें 10 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक और 185 मुख्य आरक्षियों को रिक्त पदों और जरूरत के हिसाब से जनपदों में भेजा है।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि बरेली में छह निरीक्षक, 32 उपनिरीक्षक और 78 मुख्य आरक्षी तैनात किए गए हैं। इससे न केवल थानों की व्यवस्था सुधरेगी बल्कि शहर और देहात में गश्त करने में भी मजबूती मिलेगी। शाहजहांपुर को भी अच्छा-खासा बल मिला है। यहां एक निरीक्षक, 25 उपनिरीक्षक और 54 मुख्य आरक्षियों को भेजा गया है। पीलीभीत में दो निरीक्षक, नौ उपनिरीक्षक और 38 मुख्य आरक्षी तैनात होंगे।
बदायूं को सबसे कम पुलिस बल मिला है, जहां केवल एक निरीक्षक, छह उपनिरीक्षक और 15 मुख्य आरक्षी भेजे गए हैं। खासतौर पर त्योहारों और चुनावी माहौल को देखते हुए पुलिस बल का यह फेरबदल बेहद अहम माना जा रहा है। डीआईजी ने साफ किया है कि यह तैनाती जिलेवार रिक्तियों और आवश्यकताओं के हिसाब से की गई है, आने वाले दिनों में भी जहां कमी होगी, वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी जाएगी।
