स्कूटी पर स्टंट दिखाना पड़ा भारी, वीडियो हुआ वायरल... अब निरस्त होगा पंजीकरण
लखनऊ, अमृत विचार: यातायात पुलिस लखनऊ ने सोशल मीडिया पर वायरल स्टंटबाजी के वीडियो का संज्ञान लेते हुए युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना हेलमेट इलेक्ट्रिक बाइक पर खतरनाक स्टंट करने वाले युवक की बाइक सीज कर दी है। वहीं, वाहन का पंजीकरण निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक इलेक्ट्रिक बाइक चलाते समय दोनों हाथ हैंडल से हटाकर स्टंट करता नजर आ रहा था। जांच में बाइक का नंबर यूपी 32 पीओ 6368 पाया गया। जांच के दौरान पता चला कि बाइक तकरोही निवासी विवेक आनंद चला रहा था। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसी ने बिना हेलमेट स्टंटबाजी करते हुए बाइक चलाई थी। यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए बाइक को सीज कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि युवक के पास कोई वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस के अनुसार मामले को गंभीर यातायात उल्लंघन मानते हुए वाहन का रजिस्ट्रेशन निरस्त कराने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
