कानपुर: ड्राइंग में परिवर्तन और बरसात ने रोकी सीएम ग्रिड की रफ्तार, सड़क निर्माण में देरी पर ठेकेदार को नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अर्थदंड लगाने की भी तैयारी, तीन महीने में 5 फीसदी भी नहीं हो सका कार्य, राहगीर परेशान

कानपुर, अमृत विचार। सीएम ग्रिड योजना के तहत आठ महीने पहले ग्रीनपार्क से घंटाघर तक बनने वाली सड़क का लोकार्पण हुआ था। लेकिन यहां 10 फीसदी भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। ड्राइंग में बार-बार परिवर्तन और बरसात की वजह से निर्माण कार्य में लगतार देरी हुई है।

यही हाल योजना के तहत बन रहीं अधिकांश सड़कों का है। सड़कों के निर्माण की धीमी चाल की वजह से शासन की टीमों ने जवाब तलब शुरू कर दिया है। जिसके बाद नगर निगम ने ग्रीनपार्क से घंटाघर तक सड़क निर्माण कर रही ठेकेदार कंपनी को नोटिस जारी कर दी है। इसके साथ ही अर्थदंड लगाने की भी तैयारी है।

मुख्यमंत्री की महात्वाकांक्षी योजना सीएम ग्रिड योजना फेज-1 के तहत पांच सड़कों के निर्माण के लिए आठ माह पूर्व शिलान्यास कर दिया गया लेकिन आज भी खड़कें खस्ताहाल हैं। 18 माह की डेडलाइन होने के बावजूद अभी तक सड़कों का कार्य धीमा है।

फेज-1 के तहत नगर निगम ने एक-एक कर कर्रही रोड, यशोदानगर 80 फीट रोड, घंटाघर-ग्रीन पार्क चौराहा रोड, बाबाकुटी चौराहा से मार्बल मार्केट होते हुए किदवईनगर के-ब्लॉक तक और कल्याणपुर बगिया क्रासिंग से केसा चौराहा रोड सड़क निर्माण के लिए शिलान्यास भी कराया।

प्रथम फेज के कार्यों में बरती गई लापरवाही, उदासीनता, दायित्वहीनता के सापेक्ष स्पष्टीकरण मांगा है। बता दें कि योजना के तहत तीन चरणों में शहर की 13 सड़कों का निर्माण कार्य होना है। इन सड़कों पर लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। 

अधिशाषी अभियंता ने दिया स्पष्टीकरण

अभियंत्रण खण्ड जोन-01 के अन्तर्गत घण्टाघर से ग्रीनपार्क का कार्य अधिशाषी अभियंता आरके तिवारी द्वारा देखा जा रहा है। उन्होंने नगर आयुक्त सुधीर कुमार को स्पष्टीकरण दिया है कि डीपीआर में सीवर लाइन और वाटर लाइन यूटिलिटि के शिफ्ट करने का प्राविधान नहीं था। जिससे समय से कार्य शुरू नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि हडर्ड स्कूल के पास अपेक्षित आरओडब्ल्यू न होने के कारण ड्राइंग में परिवर्तन करना पड़ा। समय-समय पर यूरिडा द्वारा स्थल के निरिक्षण के दौरान निर्देशों के क्रम में ड्राइंग एवं डिजाइन में परिवर्तन किए गये जिसके कारण कार्य में अपेक्षित गति नहीं लाई जा सकी। दो माह से लगातार वर्षा हो रही है। जिससे कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि देरी पर ठेकेदार को दो नोटिसे दी गई हैं अब आर्थिक दंड लगाया जाएगा। 

प्रथम चरण की सड़कें
  1. घंटाघर से ग्रीन पार्क चौराहा तक 2.89 किमी लंबी सड़क-  21.53 करोड़
  2. एनएच 19 से राजाराम चौराहा होते हमीरपुर मुख्य मार्ग तक 4.38 किमी लंबी सड़क - 42.35 करोड़
  3. बर्रा बाईपास से रामबाग तिराहा होते हमीरपुर मुख्य मार्ग तक 6.05 किमी लंबी सड़क - 64.51 करोड़  
  4. बाबा कुटी चौराहे से सोंटे बाबा मंदिर होते अलंकर गेस्ट हाउस तक 2.34 किमी लंबी सड़क - 21. 32 करोड़
  5. बगिया क्रॉसिंग कल्याणपुर से केसा तक 1.15 किमी लंबी सड़क - 13.13 करोड़ 
दूसरे चरण की सड़कें 

- थाना स्वरूप नगर से गोपाल चौराहा तक -2.65 किमी
- लाल बंगला से जेके प्रथम चौराहे तक – 2.68 किमी
- दीप सिनेमा से एच ब्लॉक चौराहे तक -1.88 किमी 
- गुलमोहर विहार से बुद्ध विहार तिराहे तक- 2.24 किमी
- गुरुदेव चौराहा से चिड़ियाघर चौराहे तक – 2.75 किमी

तीसरे चरण की सड़कें

-हमीरपुर से भूरेपुरवा नौबस्ता तक 4500 मीटर सड़क -  60.75 करोड़ रुपये से होना है।
-सचान गेस्ट हाउस से दबौली चौराहा होते हुये हरमिलाप तक 2875 मीटर सड़क - 52.82 करोड़ रुपये से होगा
-किदवई नगर चौराहा से बारादेवी होते हुये जूही डिपो चौराहा तक 1960 मीटर - 27.44 करोड़ रुपये से सड़क बनेगी।

सड़क पर होगी यह विशेषता

सुरक्षित सड़क और जंक्शन, समान चौड़ाई ट्रैफिक लेन की व्यवस्था, भूमिगत सर्विस की सुविधा, टिकाऊ तकनीक का उपयोग, सार्वजनिक स्थान व स्ट्रीट फर्नीचर की सुविधा, ग्रीन कवर किया जाएगा, ग्रीन सड़क पर यूटीलिटी डक्ट फुटपाथ, सौर आधारित स्ट्रीट लाइट आदि।

संबंधित समाचार