बदायूं : हत्या के मामले में तीन वांछित आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जंगल में मिला था शव
26 सितंबर को इस्लामनगर क्षेत्र के गांव व्यौर कासिमाबाद के जंगल में मिला था शव
इस्लामनगर/रामपुर, अमृत विचार। अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में इस्लामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गांव व्यौर कासिमाबाद में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
गांव व्यौर कासिमाबाद के जंगल में 26 सितंबर 2025 को गांव किसैरा निवासी रामलाल पुत्र पुरुषोत्तम का अर्द्धनग्न शव मिला था। पास में कीटनाशक दवा की डिब्बी और कीपेड मोबाइल पड़ा था। धान काट रहे किसानों ने शव देखा तो ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी थी।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया था कि गांव के कुछ लोगों से रामलाल का विवाद चल रहा था। रामलाल ने एक साल पहले आठ बिसे जमीन बेची थी। बाकी के जमीन पर लगाए गए लिपस्टिस के पौधों को लेकर झगड़ा हुआ था। रामलाल ने पुलिस को तहरीर भी दी थी। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने हत्या में वांछित चल रहे आरोपी गांव किसैरा निवासी हरि सिंह पुत्र मिहीलाल, पुष्पेंद्र व दुर्वश पुत्र हरि सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
