बाराबंकी : प्रभारी मंत्री बोले- पात्रों को मिले योजनाओं का लाभ, विकास कार्यों में लाएं तेजी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कृषकों को डमी चेक वितरित

बाराबंकी, अमृत विचार। प्रभारी मंत्री सुरेश राही की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में चिकित्सकों की समय से उपस्थिति व बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा गया। सड़कों के निर्माण, मरम्मत व चौड़ीकरण कार्यों को समय पर पूरा करने तथा विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मर शीघ्र बदलने और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण व दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं पेंशन, छात्रवृत्ति आदि का शत-प्रतिशत लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा शिक्षा विभाग को निर्माणाधीन विद्यालयों के कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। पेयजल परियोजनाओं, गोशालाओं की व्यवस्था व किसान सम्मान निधि सहित कृषि योजनाओं की सतत निगरानी करने को भी कहा।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास खंडों के लाभार्थियों को डमी चेक वितरित किए गए। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्षा राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत व भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, सीडीओ अन्ना सुदन, डीएफओ आकाशदीप बधावन व एडीएम निरंकार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार