Bareilly : ट्रेन में पीटकर की हत्या, मौलाना तौसीफ की पत्नी ने लगाया आरोप
बरेली, अमृत विचार। बिहार से बरेली उर्स में पहुंचे मौलाना तौसीफ की मौत मामले में पत्नी ने पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पत्नी का आरोप है कि उसके पति की पिटाई करने के बाद चलती ट्रेन से फेंक दिया गया। रिपोर्ट दर्ज कर जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है।
बिहार के किशनगंज निवासी मौलाना तौसीफ 26 अप्रैल को उर्स ताज्जुशरिया में शामिल होकर रात 9:45 बजे बरेली जंक्शन से योग नगरी ऋषिकेष ट्रेन से वापस जा रहे थे। संदिग्ध हालात में उनकी मौत हाे गई। इस मामले ने काफी तूल पकड़ लिया। बिहार से आई उनकी पत्नी तबस्सुम खातून ने जीआरपी थाने में सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उनकी पति से 26 अप्रैल की रात करीब 09:45 बजे बात हुई। पति ने बताया कि उनसे ट्रेन में कुछ लोग बेवजह मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने बरेली में किसी जानकार से बात कर मदद भी मांगी। पत्नी ने बताया कि इस दौरान वीडियो कॉल भी की जिसमें साफ दिखाई दिया कि कई लोग पति के साथ मारपीट कर रहे थे। इस दौरान 30 सेकेंड ऑडियो और दो मिनट 53 सेकेंड वीडियो कॉल की। उसके बाद मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया। देर रात तक लगातार फोन करती रही, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद मामले की जानकारी परिजनों को दी। अगले दिन 27 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे उनके पास मैसेज आया। इसके बाद दोबारा कॉल लगाई। फोन उठाने वाले ने खुद को पुलिस कर्मी बताया। जानकारी दी कि उसके पति की हालत बहुत खराब है। इसके बाद उनके देवर रज्जाक ने बात की तो पुलिस कर्मी ने बताया कि तौसीफ रजा की मौत हो चुकी है।
पत्नी ने बताया कि उनके देवर तौहीद आलम और छोटे भाई साहिल ने दिल्ली से बरेली कैंट पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव घर लाकर सुपुर्द ए खाक किया। तबस्सुम ने कहा कि पति ही परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनके पति की ट्रेन में मारपीट कर बाहर फेंक दिया ताकि हादसे का रूप दिया जा सके। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
तौसीफ रजा की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसे आधार बना कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -एसके, वर्मा, थाना प्रभारी जीआरपी जक्शन।
है।
