सीतापुर : बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को मिला मुआवजा
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मार्च एवं अप्रैल माह में हुई आकस्मिक वर्षा से प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति राशि वितरित की गई। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर 'गुरु' ने किसानों को बीमा राशि के चेक प्रदान किए।
उपनिदेशक कृषि श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न विकास खंडों से कुल 1534 किसानों के बीमा दावे प्राप्त हुए थे, जिनमें से बीमा कंपनी द्वारा 481 दावों को स्वीकृत किया गया। इन स्वीकृत दावों के तहत कुल 17.32 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि वितरित की जा रही है।
कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से कुछ किसानों को चेक प्रदान किए गए, जिनमें आलिया विकासखंड के ग्राम महुआ निवासी रविंद्र प्रताप को 27,934 रुपये, बेहटा के ग्राम अंबा निवासी चंद्रिका प्रसाद मिश्रा को 16,523 रुपये, लहरपुर के ग्राम बसंतपुर निवासी राजकुमार को 17,796 रुपये, महोली के ग्राम दादाबाद निवासी अमित कुमार तिवारी को 12,233 रुपये तथा रामपुर मथुरा के ग्राम जारवा निवासी गोविंद कुमार सिंह को 26,121 रुपये दिए गए।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुल 1,00,607 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजा गणपति आर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
