आईपीएल 2026 : निकोलस पूरन ने जड़ा अर्धशतक, LSG ने मुंबई को दिया 228 रनों का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

मुंबई। निकोलस पूरन के तूफानी अर्धशतक से लखनऊ सुपर जाइंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां मुंबई इंडियन्स के खिलाफ पांच विकेट पर 228 रन बनाए। पूरन (63 रन, 21 गेंद, आठ छक्के, एक चौका) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (44 रन, 25 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़कर सुपर जाइंट्स को ठोस मंच प्रदान किया।

हिम्मत सिंह (नाबाद 40, 31 गेंद, दो चौके, दो छक्के) और एडेन मारक्रम (नाबाद 31, 25 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने अंत में छठे विकेट के लिए 49 गेंद में 68 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया लेकिन दोनों रन गति में इजाफा करने में नाकाम रहे। मुंबई की ओर से कोर्बिन बॉश सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 20 रन देकर दो विकेट चटकाए। अल्लाह गजनफर (50 रन पर एक विकेट), विल जैक्स (34 रन पर एक विकेट) और रघु शर्मा (36 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया।

टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम ने तीसरे ओवर में ही जोस इंग्लिस (13) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने स्पिनर गजनफर की गेंद पर सूर्यकुमार यादव को कैच थमाया। उन्होंने इससे पहले इस स्पिनर पर लगातार दो चौके मारे। मार्श ने दीपक चाहर की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके से शुरुआती की और फिर जसप्रीत बुमराह की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे।

पूरन ने विल जैक्स पर तीन छक्कों के साथ फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। उन्होंने गजनफर पर भी दो छक्के और एक चौका जड़ा। सुपर जाइंट्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 90 रन बनाए। पूरन ने चाहर पर फाइन लेग पर छक्के के साथ सिर्फ 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। पूरन हालांकि इसके बाद बॉश की गेंद पर विकेटकीपर रेयान रिकेल्टन को कैच दे बैठे। बॉश ने इसी ओवर में मार्श को भी नमन के हाथों कैच कराके सुपर जाइंट्स को दोहरा झटका दिया।

कप्तान ऋषभ का खराब प्रदर्शन जारी रहा और वह 15 रन बनाने के बाद जैक्स की गेंद पर रिकेल्टन के हाथों लपके गए। अक्षत रघुवंशी भी 11 रन बनाने के बाद रघु सिंह की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे जिससे सुपर जाइंट्स का स्कोर पांच विकेट पर 160 रन हो गया। हिम्मत सिंह ने धीमी शुरुआत के बाद गजनफर की गेंद पर लगातार गेंद पर छक्का और चौका जड़ा और फिर रघु पर चौके के साथ 17वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया। सुपर जाइंट्स की टीम अंतिम तीन ओवर में 22 रन ही जुटा सकी। 

संबंधित समाचार