सीतापुर : बरेली का इनामी लुटेरा मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली से हुआ घायल
सीतापुर, अमृत विचार। 25 हजार का इनामी बरेली का लुटेरा सीतापुर में मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ। शातिर के पैर में गोली लगी। आरोपी के कब्जे से लूटी कार और असलहा-कारतूसें बरामद हुई हैं। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पिछले दिनों महोली इलाके में कार लूट की वारदात हुई। वारदात के खुलासे के लिए एसओजी टीम को लगाया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस को सूचना मिली कि लुटेरे महोली के पिसावां मार्ग पर है, ऐसे में शातिरों की घेराबंदी की गई। एसओजी और महोली पुलिस की जवाबी फायरिंग में शातिर गोली लगने से घायल हुआ। आरोपी की पहचान बरेली जनपद के अभयपुर केसीपुर भोजीपुरा निवासी जफरुद्दीन खान (29) पुत्र कासिम खान के रूप में हुआ।
बताया कि इसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर महोली इलाके में कार लूटी थी। आरोपी के कब्जे से लूटी कार, असलहा कारतूसें बरामद हुईं । 25 हजार के इनामी पर गाजियाबाद के वेबसिटी थाने में भी अभियाग पंजीकृत हैं। पैर में गोली लगने से घायल हुए जफरुद्दीन को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। अन्य शातिरों की तलाश हो रही है।
