Bareilly : फर्जी पत्र वायरल करने पर नदीम और नफीस पर मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के करीबी मो नदीम खान और नफीस खान की जेल जाने के बाद भी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कोतवाली में दोनों के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि 26 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर दोनों ने फर्जी साइन करके पत्र को सोशल मीडिया पर वायरल किया था।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी निवासी लियाकत ने कोतवाली पुलिस से की गई शिकायत में बताया कि 26 सितंबर को आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान द्वारा लोगों को धरना देने के लिए बुलाया गया था। इसके एक दिन पूर्व 25 सितंबर की देर शाम को नदीम खान और डा. नफीस खान द्वारा आपसी साजिश करके फर्जी पत्र तैयार करके उसमें उसके नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर दिए।

इसके बाद दोनों ने खुद भी साइन करके उसे आईएमसी का पदाधिकारी बताकर पत्र को वायरल कर दिया। उस पत्र से पुलिस प्रशासन को गुमराह करके शहर का अमन-चैन खराब करने का काम किया गया। लियाकत ने बताया कि उस दिन वह मौलाना तौकीर रजा के बुलावे पर नहीं गया था। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मो. नदीम खान और नफीस खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार