Women's ODI World Cup: हीथर नाइट की हुई शानदार वापसी, कहा- यह साल बहुत खराब रहा था लेकिन अब बहुत खुश हूं

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

इंदौर: इंग्लैंड की दिग्गज बल्लेबाज हीथर नाइट को कुछ महीनों पहले यह यकीन ही नहीं था कि वे महिला वनडे विश्व कप के लिए अपनी टीम में स्थान बना पाएंगी। लेकिन अब भारत के खिलाफ शतक ठोककर वे बेहद खुश हैं। इस साल की शुरुआत में कप्तानी से हटाए जाने और हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण नाइट को विश्व कप टीम में जगह बनाने पर शक था। 

34 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अपना 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए शानदार शतक जड़ा और इंग्लैंड को चार रन से रोमांचक जीत दिलाकर नॉकआउट चरण में जगह पक्की कराई। मैच के बाद नाइट ने पत्रकारों से कहा, "मैं वाकई बहुत खुश हूं। विश्व कप से पहले यह साल मेरे लिए बेहद खराब रहा था, यह झूठ नहीं बोलूंगी।" 

उन्होंने आगे कहा, "मैं इस मौके का पूरा फायदा उठाने को उत्सुक थी, क्योंकि यहां तक पहुंचना मेरे लिए आसान नहीं था। मैंने बड़ी पारी खेलने के लिए जी-जान लगा दी। अपनी बल्लेबाजी का पूरा मजा लिया।" 

नाइट का बुरा समय साल की शुरुआत में ही शुरू हो गया था। एशेज सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें इंग्लैंड की कप्तानी से हटा दिया गया। जैसे-तैसे लय में लौट रही थीं, मई में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 मैच में दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई, जिससे विश्व कप टीम में उनकी जगह पर सवाल उठ गए। 

नाइट ने कहा, "ईमानदारी से कहूं, तो हैमस्ट्रिंग की चोट वाला दिन मेरे लिए बेहद कठिन था। ऐसी स्थिति में विश्व कप टीम में चुना जाना, जीत में योगदान देना और अब सेमीफाइनल में जगह बनाना—यह सब मेरे लिए अद्भुत अनुभव है।"

संबंधित समाचार