लखीमपुर खीरी: 2 लाख के माल के साथ अन्तर्जनपदीय नकबजनी गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। कोतवाली सदर पुलिस, सर्विलांस व स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को अन्तरजनपदीय नकबजनी गिरोह का खुलासा कर तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत के जेवरात, नकदी और तमंचा बरामद होने का दावा किया है।

प्रशिक्षु आईपीएस सीओ सिटी विवेक तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी कोतवाली धौरहरा के गांव नया पुरवा निवासी कमल पुत्र जमुना प्रसाद, धीरू पुत्र सरवन और पप्पू पुत्र सरवन हैं। यह गिरोह खीरी और सीतापुर जिलों में सक्रिय था और अब तक कुल 09 नकबजनी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने इनके पास से बड़ी मात्रा में पीली और सफेद धातु के आभूषण, नकदी तथा गिरोह के सरगना कमल से 12 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किया है। 

बरामद वस्तुओं की कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गिरोह के सरगना के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अतिरिक्त रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशिक्षु आईपीएस ने बताया कि इस कार्रवाई में कोतवाली सदर के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने सफलता हासिल की। ऑपरेशन में स्वाट टीम प्रभारी जयप्रकाश यादव, चौकी प्रभारी सुनील तिवारी, रजनीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक डिम्पल कुमार, तथा सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

फूट-फूट कर रोये आरोपी, सवालों में घिरी पुलिस
शहर कोतवाली पुलिस ने कोतवाली सदर और फूलबेहड़ में दर्ज कुल नौ चोरी की घटनाओं का भले ही खुलासा कर दिया हो, लेकिन खुलासे के दौरान मीडिया के सामने खुद को निर्दोष बताकर फूट फूट कर रोए आरोपियो ने पुलिस के इस खुलासे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवालों को इस बात से भी बल मिल रहा है कि बरामद माल देखने में नया लग रहा था। हालांकि पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सीतापुर, लखीमपुर सदर और थाना फूलबेहड़ पर सात से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं और तीनों शातिर बदमाश हैं।

संबंधित समाचार