Deepotsav 2025 :पहली बार दीपोत्सव के 32 हजार स्वयंसेवक होंगे सम्मानित...अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने बनाई योजना
अयोध्या, अमृत विचार : अयोध्या के भव्य दीपोत्सव में अतुलनीय योगदान देने वाले 32 हजार स्वयं सेवकों को डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय पहली बार सम्मानित करने जा रहा है। 28 अक्टूबर के बाद स्वयं सेवकों को प्रमाण जारी करने का सिलसिला शुरू होगा।
9वें दीपोत्सव में 26,17,215 दीये जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। 56 घाटों पर ये दीये सजाए गए। ड्रोन व क्यूआर कोड ट्रैकिंग से सत्यापित हुए। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड की 30 सदस्यों वाली टीम ने इसका सत्यापन किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 अक्टूबर को इसकी घोषणा की थी।
इसी के बाद से 17 से 19 अक्टूबर तक दिए बिछाने वाले स्वयं सेवकों को सम्मानित करने के लिए चर्चा शुरू हो गई थी। अब तक आठ दीपोत्सव हो चुका है लेकिन एक बार भी स्वयं सेवकों को किसी भी प्रकार से न सम्मानित किया गया था न ही कोई प्रमाण पत्र जारी किया गया।
यह पहली बार है कि दीपोत्सव में प्रतिभाग करने वाले 40 से अधिक महाविद्यालयों, आवासीय परिसर और माध्यमिक विद्यालयों तथा स्वयं सेवी संगठनों को इस उपलब्धि के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
गुरुवार को दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो एसएस मिश्र ने बताया कि स्वयं सेवकों के उत्साहवर्धन और आगामी दीपोत्सव को लेकर स्वयं सेवकों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके लिए एक वाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा और सभी 32 हजार स्वयं सेवकों के महाविद्यालय व कालेजों को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र भेजा जाएगा। प्रयास है कि आगामी 28 अक्टूबर तक स्वयं सेवकों और संगठनों को यह उपलब्ध हो जाए। उन्होंने बताया कि कुलपति डॉ बिजेन्द्र सिंह से मार्गदर्शन प्राप्त कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
