UP: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर देश भर में कार्यक्रम, युवाओं में जागेगा राष्ट्रीय गौरव
रामपुर, अमृत विचार। राहे रजा स्थित संत शिरोमणि दास गेस्ट हाउस में शनिवार दोपहर को हुई पत्रकार वार्ता में प्रभारी मंत्री जीपीएस राठौर ने कहा कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, माय भारत के माध्यम से विकसित भारत पदयात्राएं आयोजित कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और एकता की भावना को मजबूत करना है। कहा कि सरदार वल्लभ पटेल की 150वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। इसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक, सभी मिलकर देश के इतिहास को याद करते हैं। राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं। खासकर अमृत पीढ़ी यानी आज के युवाओं की भूमिका पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कहा कि भारत को एक करने वाले महापुरुष, जिनको हम लौह पुरुष के नाम से भी जानते हैं, ऐसे आदर्श व्यक्तित्व जिनको भारतीय जनता पार्टी अपना आदर्श मानती है।
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती पर आयोजित होने वाले विभिन्न अभियानों के बारे में बताया कि 6 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय ने सरदार@150 यूनिटी मार्च की शुरुआत की। यह भारत सरकार और माय भारत की पहल है, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती को समर्पित है। 6 अक्टूबर को केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ माई भारत पोर्टल पर किया। इस चरण में सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और सरदार 150 यंग लीडर्स प्रोग्राम शामिल हैं।
इस दौरान सरदार 150 यंग लीडर्स प्रोग्राम के 150 विजेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में शामिल होने का मौका मिलेगा। अभियान में जिला स्तरीय पदयात्राएं 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक होगी। जिसमें हर संसदीय क्षेत्र के सभी जिलों में 3 दिन तक 8-10 किमी लंबी पदयात्रा होगी। पदयात्रा से पहले स्थानीय लोगों में माहौल बनाने के लिए स्कूल, कॉलेजों में अलग-अलग प्री ईवेंट गतिविधियां, जैसे कि निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक का आयोजन कराया जाएगा।
इसके साथ ही युवाओं के बीच नशामुक्त भारत शपथ, संस्थानों में स्वदेशी मेलों का आयोजन, गर्व से स्वदेशी संकल्प भी दिलवाए जाएंगे। इस दौरान योग एवं हेल्थ शिविरों के साथ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान का भी आयोजन होगा। राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक 152 किमी की पदयात्रा का मकसद सरदार पटेल का जन्मस्थान से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी केवड़िया तक निकाली जाएगी। देशभर के युवाओं से आग्रह है कि वे इस ऐतिहासिक पहल में जुड़े और सक्रिय भागीदारी करें।
यह लोग रहे मौजूद
जिला प्रभारी चौधरी राजा वर्मा, जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, पूर्व सांसद घनश्याम सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, हंसराज पप्पू, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष मोहनलाल सैनी, नगर पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल, दीक्षा गंगवार, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन रस्तोगी, संजय चौधरी, रविंद्र सिंह रवि, मोहन लोधी, महेंद्र सैनी, प्रदीप गुप्ता, विक्रम सिंह, संजय यादव, देवेंद्र चौधरी आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
