रोडवेज की दिवाली : यात्रियों से हुई 7.74 करोड़ की कमाई...छह दिन में साढ़े चार लाख ने किया सफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दीपोत्सव के दौरान रिकार्ड सवारियों की भीड़ की वजह से परिवहन निगम ने जमकर कमाई की है। छह दिन में बरेली रीजन की रोडवेज बसों से साढ़े चार लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया। इससे निगम को 7.74 करोड़ रुपये की आमदनी हुई, जो एक रिकॉर्ड है। पिछले साल यह आंकड़ा 7 करोड़ के करीब पहुंचा था।

बरेली रीजन में बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत में परिवहन निगम ने 18 से 31 अक्टूबर तक 13 दिवसीय विशेष व्यवस्था की। रीजन की 626 बसों को यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न रूटों पर उतारा गया, जबकि 60 से अधिक बसों को आपात स्थिति के लिए रिजर्व में रखा। धनतेरस से भाई दूज तक बसों में यात्रियों का दबाव काफी बना रहा। सवारियों की संख्या इतनी अधिक थी कि बसों में सीट के लिए मारामारी रही। काफी संख्या में यात्रियों को बस में लटक कर सफर करना पड़ा था। पिछले साल के मुकाबले इस बार 37 हजार यात्रियों ने अधिक सफर किया।

आरएम दीपक चौधरी का कहना है कि सवारियों के अत्यधिक दबाव के कारण बरेली रीजन को इस अवधि में अच्छा मुनाफा हुआ है। कहा कि परिवहन निगम ने छठ पूजा के समापन तक बसों का इसी तरह से संचालन करने का आदेश दिया है। ऐसे में कमाई का आंकड़ा 9 करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद है।

यात्रियों ने कुछ इस तरह किया सफर
18 अक्टूबर को 77970, 19 अक्टूबर को 87423, 20 अक्टूबर को 85820, 21 अक्टूबर को 49125, 22 अक्टूबर को 64630 और 23 अक्टूबर को 87799 यात्रियों ने सफर किया। इसमें विभाग को साढ़े सात करोड़ से अधिक की आमदनी हुई है।

संबंधित समाचार