चौबारी मेला : नखासा में पहली बार पहुंचा नील, कद-काठी के मुरीद हुए लोग
अभिषेक मिश्रा, बरेली। चौबारी मेला में लगे नखासे में तरह- तरह के घोड़े पहुंच रहे हैं। नील घोड़े के मंगलवार को पहुंचने के बाद लोग उसकी सुंदरता के मुरीद हो गए। हर तरफ नील के ही चर्चे हो रहे थे। मेला में लोग घोड़ा को बड़ी उत्सुकता से देखने पहुंच रहे हैं। ग्राहक घोड़ा बेचने के लिए पूंछते तो इसके मालिक मोहम्मद मोहसिन कहते हैं की घोड़ा बिकाऊ नहीं है।
अगर कोई ज्यादा पीछे पड़ता है तो वह 3 करोड़ रुपये की मांग करते हैं। यह दाम सुनकर लोग चौंक जाते हैं और दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। धौराटांडा के रहने वाले मोहसिन ने बताया कि वह घोड़ों के बहुत शौकीन हैं। जब वह छोटे थे तब से उनके घर में घोड़े पाले जाते हैं, लेकिन अब इनकी देखभाल स्वंय करते हैं। उन्होंने बताया कि नील उनके घर में पैदा हुआ था, इसलिए इससे ज्यादा लगाव है। मोहसिन के घर पर दो घोड़े मौजूद हैं।
पंजाब के प्रसिद्ध घोड़े अलबख्श का वंशज है नील
अलबख्श पंजाब का प्रसिद्ध मारवाड़ी घोड़ा था, जो अपनी सुंदरता और प्रतियोगिताओं में जीत के लिए जाना जाता था। अब वह जीवित नहीं है। मोहसिन ने नील की मां को पंजाब के अलबख्श से 2.5 लाख रुपये फीस देकर ब्रीडिंग करवाई थी। नील की मां को 21 लाख रुपये में मोहसिन ने अपने दोस्त को बेच दिया है। नील भी अलबख्श की तरह मारवाड़ी नस्ल का है। मारवाड़ी घोड़े अपनी ऊंची कद काठी और सौंदर्य के लिए जाने जाते हैं। नील पिछली साल अमृतसर में आयोजित घोड़ों की सौदर्य प्रतियोगिता में 51 हजार रुपये का पुरस्कार जीत चुका है।
पंजाब में नील की 51 लाख की लगी बोली
नील पहली बार चौबारी मेला में आया है, इससे पहले वह किसी भी नखासा में नहीं गया है। नील की पंजाब में 51 लाख रुपये की बोली लग चुकी है। नील के मालिक मोहसिन ने बताया कि वह इस घोड़ा को जब तक मुंह मांगी कीमत 3 करोड़ नहीं मिलेगी तब तक नहीं बेचेंगे। वह इससे ब्रीडिंग करवा रहे हैं। वह अच्छी घोड़ी की नील से ब्रीडिंग करवाते हैं, जिसके लिए वह सामान्य आदमी से 21 हजार और अन्य लोगों से 51 हजार रुपये लेते हैं।
