अमेठी : महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सिंहपुर/अमेठी, अमृत विचार। इन्हौना थानाक्षेत्र के अंतर्गत राजापुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालजनों पर आंचल की जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार थाना व कस्बा बाजार शुकुल निवासी जगदीश प्रकाश गुप्ता ने बताया कि उनकी बेटी आंचल की शादी आठ वर्ष पहले राजापुर गांव निवासी सुशील गुप्ता उर्फ बड़े बऊवा से हुई थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार सब कुछ दिया था लेकिन विवाह के बाद से ही ससुराल वाले उसे मारा पीटा व प्रताड़ित करते रहते थे।

जगदीश प्रकाश के अनुसार, शुक्रवार सुबह उनके दामाद सुशील ने फोन कर बताया कि उसका आंचल से झगड़ा हो गया है। करीब आधे घंटे बाद सुबह करीब 11 बजे सुशील ने फिर फोन किया और बताया कि आंचल ने आग लगाकर आत्महत्या कर लिया है। जब आंचल के परिजन राजापुर गांव पहुंचे, तो उन्हें आंचल का झुलसा हुआ शव मिला।

जगदीश प्रकाश गुप्ता और आंचल के भाई जीत कुमार ने दावा किया कि ससुराल वालों ने आंचल को जलाकर मारा है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका पहले भी दो बार घर के पीछे तालाब और कुएं में गिर चुकी थी, जहां से लोगों ने उसे बाहर निकाला था। घटनास्थल पर पहुंची फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्र किए। आंचल अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसकी मौत से पिता जगदीश प्रकाश गुप्ता और मां किरन गुप्ता गहरे सदमे में हैं। मृतका की दो बेटियां, शुभी और काव्या, अपनी मां की मौत से बिलख रही हैं।

मृतका आंचल की दो नन्ही बेटियाँ हैं, शुभी (7 वर्ष) और काव्या (4 वर्ष) बड़ी बेटी शुभी फत्तेपुर कस्बे के सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा दो की छात्रा है। अब वह रोज़ अपने स्कूल बैग को थामे माँ की याद में चुपचाप बैठी रहती है।घर का कोना-कोना अब सूनापन ओढ़े हुए है।काव्या अभी इतनी छोटी है कि उसे यह भी ठीक से समझ नहीं आता कि “माँ अब लौटकर नहीं आएगी…”

थाना अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है थाना अध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जायेगी।

संबंधित समाचार