बाराबंकी में 3 माह में उखड़ी डामर सड़क: अधूरा पड़ा RCC नाला, जिला पंचायत के कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल
बाराबंकी, अमृत विचार। ब्लॉक मसौली की ग्राम पंचायत अम्बौर में करीब तीन माह पहले जिला पंचायत द्वारा बनवाई गई डामर सड़क उखड़ना शुरू हो गई है। राम नरेश के घर से अम्बौर-किसुनपुर माइनर की पुलिया तक बनी सड़क से जगह-जगह बजरी निकल गई है, जिससे राहगीरों का चलना तक दूभर हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क को वर्षों तक चलना चाहिए था, वह तीन महीने भी नहीं टिक सकी, जिससे निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं पाटन सूरी मंदिर से तालाब तक जिला पंचायत द्वारा बनवाया गया आरसीसी नाला भी अधूरा छोड़ दिया गया है और उसे ढका तक नहीं गया, जिससे लोगों को परेशानी के साथ खतरे का भी सामना करना पड़ रहा है। ग्राम निवासी हिमांशु ने इस मामले की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
इस पर ग्राम सचिव अम्बौर ने अपनी आख्या में स्पष्ट किया कि सड़क का निर्माण करीब तीन माह पहले जिला पंचायत बाराबंकी द्वारा कराया गया था और उसकी बजरी उखड़ गई है, जिसका ग्राम पंचायत से कोई संबंध नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मानकों की अनदेखी कर कराए गए निर्माण कार्य का शिलान्यास तो जनप्रतिनिधियों ने कर दिया, लेकिन जमीनी हकीकत तीन महीने में ही सामने आ गई। अब सवाल यह उठ रहा है कि जिला पंचायत की निगरानी में बनी सड़क का इतनी जल्दी हाल खराब होने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी।
ये भी पढ़ें :
मऊ में मखाने की खेती में अपार संभावनाएं: तालाबों-जल स्रोतों की उपलब्धता, सरकार देगी प्रति हेक्टेयर 40 हजार का अनुदान
