यूपी में आधुनिक बनेंगे मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय: सुविधाओं के साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार विभिन्न जिलों में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय स्थापित करने जा रही है। इन विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों को एक ही परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

यह जानकारी बुधवार को बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने दी, उन्होंने बताया कि लखनऊ के मलिहाबाद सहित बहराइच, चंदौली, मिर्जापुर, लखीमपुर खीरी, फतेहपुर, गाजियाबाद, कानपुर देहात, वाराणसी, कौशांबी, फर्रुखाबाद, अमेठी और उन्नाव समेत कई जिलों में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण के लिए शासनादेश जारी कर दिए गए हैं। प्रत्येक परियोजना के लिए लगभग 23 से 28 करोड़ रुपये तक की लागत स्वीकृत की गई है तथा प्रथम किश्त के रूप में संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को धनराशि भी जारी कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेल मैदान, पुस्तकालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों की स्थापना से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।

ये भी पढ़ें :
यूपी में खेती किसानी को मिलेगी नई रफ़्तार: कृषि क्षेत्र के लिए 31.43 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति 

 

संबंधित समाचार