घिनौनी हरकत: खेत में दंपति को पीटा फिर जूते में भरकर पिलाया पेशाब
शाहजहांपुर, अमृत विचार। गाय घर में घुसने का विरोध करने पर दबंगों ने किसान और उसकी पत्नी को जमकर पीटा। आरोप है कि दबंगों ने पीड़ित को जूते में भरकर जबरन पेशाब पिलाया और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर पीड़ित की पत्नी से छेड़छाड़ की। शिकायत करने पर थाना प्रभारी ने पीड़ित को ही हड़का कर भगा दिया। सोशल मीडिया पर किसान ने अपनी व्यथा सुनाई तब मामला एसपी राजेश द्विवेदी के संज्ञान में आया है। एसपी ने मामले की जांच के निर्देश सीओ जलालाबाद को दिए हैं।
परौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसके दो बेटे और पांच बेटियां हैं। वह और उसकी पत्नी लोगों की जमीन बटाई पर लेकर खेतीबाड़ी करते हैं। 14 नवंबर को गांव के ही कुछ लोगों ने गोशाला से गायें छोड़ दी थीं। गायें उसके घर में घुस गईं। जब पीड़ित ने थाने में शिकायत की तो परौर पुलिस ने उसे ही फटकार लगा दी। इससे दबंग रंजिश मानने लगे। 15 नवंबर को वह पत्नी के साथ खेत पर काम कर रहा था। तभी तीन चार आरोपी लाठी, डंडों से लैस होकर खेत पर पहुंच गए। आरोपियों ने उससे पूछा कि अभी मारें या कल, इस पर पीड़ित ने कहा कि चाहे जब मार दो। इसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पीड़ित की पत्नी ने बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी छेड़छाड़ की। आरोप है कि इसके बाद दबंगों ने उसे जबरन जूते में भरकर पेशाब पिला दी। इसके बाद आरोपी मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
थाने में नहीं सुनी फरियाद
पीड़ित ने बताया कि जब वह पत्नी के साथ रविवार को थाना परौर में शिकायत करने के लिए गया तो थाना प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बल्कि उसे ही कसूरवार ठहराते हुए धमकाया। आरोप है कि दबंगों को एक नेता का संरक्षण प्राप्त है। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। मामला संज्ञान में आने पर एसपी राजेश द्विवेदी ने मामले की जांच के निर्देश सीओ जलालाबाद को दिए हैं।
घटना के बाद सदमे में परिवार
दबंगों की दहशत से पीड़ित किसान और उसका परिवार डरा हुआ है। किसान की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने बताया कि यदि उसे न्याय न मिला तो वह गांव छोड़ देगा। फिलहाल सीओ मामले की जांच कर रहे हैं। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आरोप सिद्ध होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
