"ग्लोबल रेजिलिएन्स इन एनिमल न्यूट्रीशियन 2025 ” 21वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का समापन
अयोध्या, अमृत विचार: आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय में चल रहे तीन दिवसीय 21वें द्विवार्षिक "ग्लोबल रेजिलिएन्स इन एनिमल न्यूट्रीशियन 2025” अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शुक्रवार को समापन हो गया। इस मौके पर विभिन्न संस्थानों से पहुंचे पशु वैज्ञानिकों ने अपने विचार साझा किए और महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
डॉ. चंदर दत्त ने कहा कि गोजातीय पशुओं के लिये प्रोटीन जरूरी है। यह उनके शरीर को कार्य करने के लिए आवश्यक ऊर्जा प्रदान करती है। डॉ. अविषेक बिस्वास ने आधुनिक उपभोक्ताओं के लिए डेयरी उत्पाद तैयार करने की विधि की जानकारी दी। डॉ. शिवानी कटोच ने पोल्ट्री उत्पादन में पॉली हर्बल फीड एडिटिक्स और डी.आरपी वासन द्वारा पशु आहार सामग्री में माइकोटोक्सिन अनुमान के लिए नमूनाकरण पर चर्चा की। डॉ. नितिन त्यागी ने पशु पोषण में सतत आहार के लिए धान के भूसे और कृषि औद्योगिक उप उत्पादों के उपयोग के नए रास्तों के बारे में बताया। पशु पोषण विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. वीके सिंह के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. धर्मेश तिवारी ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन डॉ. सत्यव्रत सिंह ने किया। इस मौके पर विवि के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक एवं विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, वैज्ञानिक मौजूद रहे।
