बाराबंकी : ऐप दिलाएगा रेलवे क्रॉसिंग के जाम से निजात, घर बैठे मिलेगी जानकारी
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले की मेधा अब देश में पहचान बना रही है। बंकी के रहने वाले प्रसिद्ध साहित्यकार और राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता मूसा खान 'अशांत' के सुपुत्र मो. समीर खान ने एक ऐसा मोबाइल ऐप विकसित किया है, जिससे रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद है या खुला है, इसकी जानकारी घर बैठे प्राप्त की जा सकती है।
समीर खान द्वारा बनाया गया ऐप ‘वेल गेट लाइट’ ट्रायल के दौरान सफल रहा। इसके तहत गेटमैन रियल टाइम में गेट की स्थिति अपडेट करेंगे, जिससे सूचना मात्र 3 माइक्रोसेकेंड में मोबाइल फोन पर दिख जाएगी। यह ऐप बंकी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को जाम से निजात दिलाने में मदद करेगा। समीर खान की इस उपलब्धि पर पूर्व मंत्री और सपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद सिंह गोप ने मूसा खान अशांत और उनके बेटे को अपने आवास पर आमंत्रित करके सम्मानित किया।
उन्होंने रेलवे अधिकारियों और जिलाधिकारी से इस जनहित ऐप की विधिक औपचारिकताएं पूरी कराने का अनुरोध भी किया। मूसा खान ने बताया कि जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं डीआरएम ने समीर खान को बुलाया है और ऐप का कार्यप्रदर्शन करने के बाद इसे विधिक रूप से नागरिकों के लिए सुलभ कराया जाएगा।
