टांडा और मिलक क्षेत्र में सड़क हादसों में मजदूर सहित दो की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा

मिलक/टांडा, अमृत विचार। थाना मिलक और टांडा क्षेत्र में गुरुवार रात को हुए अलग-अलग सड़क हादसे में मजदूर सहित दो लोगों की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम हो जाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। जहां दोनों शवों का शुक्रवार शाम को अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अजीमनगर थाना क्षेत्र के खौद निवासी पप्पू राजा पुत्र बाबू राम 20 कोतवाली क्षेत्र के गांव सेंटाखेड़ा में अपने मामा के यहां शादी में आया हुआ था। गुरुवार देर शाम वह गांव सरखथल स्थित मैरिज हाल में शादी के प्रोग्राम में शिरकत करने गया। शादी समारोह में शामिल होने के बाद वह वहां से वापस अपने घर खौद वापसी कर रहा था तभी सीकमपुर के नजदीक किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। कुछ ही देर के बादमौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोग एकत्रित हो गए। जिन्होंने पुलिस को सूचना दी, घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव को टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। शव शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों से पुलिस शव की पहचान कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।

एक माह पहले खरीदी थी बाइक
मृतक के परिजनों का कहना है। युवक ने एक माह पहले ही नई बाइक को खरीदा था। जिसके चलते वह काफी खुश था। उसी बाइक से वह हर जगह आता  जाता था। मृतक युवक व्हील्स ऑफ इंडिया फैक्ट्री में लेबर में काम करता है। वह आठ बहन भाइयों में पांचवे का नंबर का था।

सवारी से उतरते समय मजदूर को रौंदा, मौत
सवारी से उतरते समय गुरुवार रात को 9:30 बजे पीछे आए अज्ञात वाहन ने मजदूर को रौंद दिया। वह बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। उसको मिलक सीएचसी लेकर भागे। डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।

मिलक थाना क्षेत्र के गांव पुरैनिया खुर्द निवासी 40 वर्षीय भूप सिंह मजदूरी करके परिवार का पेट पाल रहा था। वह गुरुवार को शहर में मजदूरी करने आया था।शाम को वह काम निपटाने के बाद सवारी से घर के लिए रवाना हो गया था। जब  वह रात को 9:30 बजे मिलक के उदयपुर मोड़ पर सवारी से उतरने के बाद खड़ा हुआ, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन उसको रौंदते हुए निकल गया। हादसे के बाद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। सूचना  मिलने के बाद पुलिस भी आ गई। घायल को सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। फिर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। दोपहर बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।

मृतक ने अपने पीछे तीन बच्चे छोड़े
मृतक भूप सिंह के दो लड़के और एक लड़की है। जिसमें  भूप सिंह का बड़ा बेटा जिसकी उम्र करीब 17 वर्ष है। भूप सिंह ही  मेहनत मजदूरी करके परिवार का खर्चा चला रहा था।उसकी मौत के बाद उसकी बेटी की शादी कैसे होगी। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पूरे दिन घर पर रिश्तेदारों का तांता लगा रहा।

संबंधित समाचार