बाराबंकी : नशे की हालत में मिली युवती, दुष्कर्म की आशंका, पुलिस भेजा वन स्टाप सेंटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बड्डूपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवती शराब के नशे में एक गांव के पास पड़ी मिली। आशंका है कि लखनऊ से यहां तक साथ लाने वाले युवक ने दुष्कर्म किया है हालांकि वह फरार है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इसे वन स्टाप सेंटर भिजवा दिया। पीड़िता की बहन की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण आदि धाराओं में मामला दर्ज किया है।  

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम ओझियापुर के पास एक युवती संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे पड़ी मिली। ग्रामीणों ने यह देख पुलिस को खबर की। मौके पर महिला पुलिस पहुंची तो युवती बेतहाशा नशे में मिली, जिसे थाने पर ले जाने के बाद पूछतांछ की गई, इसके बाद उसे मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। यहां से पुलिस युवती को वन स्टाप सेंटर ले गई।

उधर मंगलवार को थाने पहुंची लखीमपुर जिले की मूल निवासी पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया कि वह अपनी बहन के साथ लखनऊ में रहती है, बहन एक पेट्रोल पंप पर जिस युवक के साथ काम कर रही थी, वह उसका दोस्त है और इसी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसकी बहन को आरोपी ही देर रात अपने साथ जबरन लेकर आया था।

आरोप यह भी कि उसी युवक ने बहन का अपहरण कर उससे मारपीट की व शराब पिलाई है। जबकि नशे की हालत व सड़क पर अकेले मिलने से आशंका है कि युवती के साथ दुष्कर्म भी किया गया है। पुलिस ने बहन की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

वहीं आरोपी की तलाश की जा रही। क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया ने बताया कि दुष्कर्म की बात सही नहीं है। पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद बहन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही।

संबंधित समाचार