Moradabad: जिला अस्पताल में हल्के कंबलों में ठिठुर रहे मरीज...घर से मंगा रहे दूसरे कंबल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिए जा रहे कंबल की उन्हें राहत पहुंचाने के लिए नाकाफी हैं। कंबल की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। मरीज और तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल में मिल रहे कंबल बहुत हल्के हैं, जिनमें ठंड से आराम नहीं मिलता। यही कारण उन्हें मजबूरन अपने घर से अतिरिक्त कंबल मंगाने पड़ रहे हैं, जिससे वह सर्दियों की ठंड से कुछ हद तक राहत पा सकें।

बुधवार को अमृत विचार की टीम ने जिला अस्पताल में वार्डों की स्थिति जानी। विभिन्न वार्डों के मरीजों व तीमारदारों से बातचीत में इस समस्या का खुलासा हुआ। भर्ती रामदयाल ने बताया कि अस्पताल के कंबल बहुत ही हल्के हैं। उन्होंने कहा, रात को अगर इन्हीं कंबलों पर निर्भर रहे तो ठंड से ठिठुरते रहते है इसलिए घर से कंबल मंगाने पड़े। पुरुष सर्जिकल वार्ड में तीमारदार सोनू ने कहा कि जो कंबल अस्पताल देते हैं, उनकी मोटाई और गर्माहट काफी कम होती है। रात में उन पर निर्भर रहना मुश्किल है, खासकर जो गरीब परिवार से आते हैं उन्हें और अधिक परेशानी होती है। महिला सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीज निशा और शबीना ने भी इसी बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कई बार जो कंबल मिलते हैं, वे फट भी गए हैं, जिससे रोगी पूरी तरह सुरक्षित नहीं रह पाते हैं।

जिला अस्पताल में कई मरीज और तीमारदार निम्न वर्ग से आते हैं और वे इस समस्या से विशेष रूप से प्रभावित हैं, क्योंकि कंबल फटने या हल्के होने पर उन्हें नए कंबल खरीदना या घर से मंगाना कठिन होता है। मरीजों का कहना है कि कंबल का हल्का होना एक महत्त्वपूर्ण समस्या है, क्योंकि रात के समय ठंड अपने चरम पर होती है। कई बार बुजुर्ग और बच्चे अधिक प्रभावित होते हैं, जिनके लिए अच्छी गुणवत्ता के कंबल उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।

 कर्मचारी भी मानते हैं कि मौजूदा कंबल अभी मरीजों की आवश्यकताओं के अनुरूप पूरी तरह उपयुक्त नहीं हैं। उनका मानना है कि कंबलों की सामग्रियों और उनकी बनावट पर पुनर्विचार हो ताकि उन्हें अधिक मजबूत और गर्म बनाने के लिए बेहतर विकल्प अपनाए जा सकें। प्रमुख अधीक्षक एवं अपर निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता ने बताया कि अस्पताल की ओर से सभी मरीजों को कंबल मुहैया कराए जा रहे हैं। अगर कंबल हल्के हैं तो मरीजों को अतिरिक्त कंबल भी उपलब्ध कराया जाएगा।

संबंधित समाचार