वाराणसी : UP राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण
वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, शिवपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल 79 बालिकाएं उपस्थित पाई गईं तथा बालिकाओं के साथ मोटिवेशनल सेशन भी आयोजित किया गया। विद्यालय की वार्डन विशाखा सिंह को प्रत्येक माह विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मोटिवेशनल स्पीच कराने के निर्देश दिए गए।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सभी बालिकाओं को बाल विवाह न करने की शपथ दिलाई गई तथा इस कुरीति को रोकने के लिए सभी को प्रेरित किया गया। विद्यालय में सफाई तथा अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के बाद आयोग की उपाध्यक्ष ने चौबेपुर स्थित एसओएस चिल्ड्रेन विलेज का निरीक्षण किया, जहां कुल 118 आवासित बच्चे पाए गए। संस्था में सफाई तथा शिक्षा की व्यवस्था उचित पाई गई।
बच्चों को संस्था में पूर्णतः घर जैसा माहौल प्रदान किया जा रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। शिक्षा व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चिरईगांव का निरीक्षण किया, जहां मरीजों की संख्या तथा व्यवस्थाएं ठीक पाई गईं। साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार के लिए निर्देश दिए गए।
अंत में कबीर चौड़ा स्थित जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया, जहां प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीता वर्मा तथा डॉ. अलका सिंह द्वारा महिला वार्ड, सिजेरियन वार्ड तथा स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट का भ्रमण कराया गया। अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था अत्यंत उत्तम पाई गई तथा मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं।
उपस्थित डॉक्टरों ने बताया कि प्रतिमाह लगभग 400 महिलाओं की डिलीवरी अस्पताल में होती है। आयोग की उपाध्यक्ष ने मरीजों से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री सुमंगला योजना के बारे में पूछने पर महिलाओं को इसकी जानकारी नहीं थी। इस संबंध में हेल्प डेस्क स्थापित कर जन्म लेने वाली सभी बालिकाओं का योजना में पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
