भाजपा में असंतोष, सीएम को किया गया दरकिनार : अजय राय
स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस का हमला, सरकार पर उठाए सवाल
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर सत्तारूढ़ दल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कार्यक्रम से दूर रखना भाजपा के भीतर गहरे असंतोष का संकेत है।
मंगलवार को प्रेसवार्ता में अजय राय ने कहा कि स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति और उन्हें वर्चुअल माध्यम से भी शामिल न किया जाना यह दर्शाता है कि पार्टी के अंदर मतभेद चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक संकेत नहीं, बल्कि भाजपा की आंतरिक स्थिति को उजागर करता है। अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा की आंतरिक खींचतान का असर प्रदेश के विकास पर पड़ रहा है।
उन्होंने रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि 2022 के चुनावों में किए गए वादे आज भी अधूरे हैं। शिक्षक भर्ती, युवाओं पर कार्रवाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे सरकार की नाकामी को उजागर करते हैं।
गोवंश की स्थिति को लेकर भी साधा निशाना
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने वाराणसी का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश में गोवंश की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गोसंरक्षण के दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं कमजोर हैं और गौमाता की दुर्दशा हो रही है।
ज्योतिबा फुले जयंती पर कांग्रेस का कार्यक्रम
अजय राय ने बताया कि कांग्रेस पार्टी महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित करेगी। इसमें वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद शामिल होंगे।
