माघ मेला 2026: सुगम-सुरक्षित होगी आवाजाही... परिवहन निगम चलाएगा बड़े स्तर पर बसें

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। तीन जनवरी से प्रयागराज में शुरू हो रहे माघ मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा बड़े स्तर पर परिवहन व्यवस्था की जा रही है। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि माघ मेले के दौरान कुल 3800 बसों का संचालन किया जाएगा। परिवहन मंत्री ने बताया कि गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम तट पर आयोजित होने वाला माघ मेला हर वर्ष श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहता है। 

प्रमुख दिनों पर आयेगें बड़ी संख्या में श्रद्धालु 

गत वर्ष प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ-2025 के दौरान लगभग 67 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान का पुण्य लाभ लिया था। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। दयाशंकर सिंह ने बताया कि मकर संक्रांति (15 जनवरी), मौनी अमावस्या (18 जनवरी) और बसंत पंचमी (23 जनवरी) के अवसर पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ उमड़ती है। 

इसे देखते हुए परिवहन निगम द्वारा 200 अतिरिक्त बसों को रिजर्व में रखा जाएगा। ये बसें मुख्य स्नान पर्वों के दो दिन पूर्व से एक दिन बाद तक शटल बसों के रूप में संचालित की जाएंगी। वहीं, माघ मेला की संपूर्ण अवधि 01 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक सामान्य दिनों में 25 रिजर्व बसें उपलब्ध रहेंगी। 

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बसों का आवंटन

परिवहन मंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बसों का आवंटन किया गया है। जिसमे लखनऊ क्षेत्र से 500 बसें, गोरखपुर से 500 बसें, आजमगढ़ से 430 बसें, वाराणसी क्षेत्र से 430 बसें, अयोध्या क्षेत्र से 270 बसें, प्रयागराज क्षेत्र से 550 बसें, चित्रकूट धाम से 330 बसें, कानपुर क्षेत्र से 270 बसें, हरदोई क्षेत्र से 350 बसें, देवीपाटन क्षेत्र से 250 बसें, झांसी क्षेत्र से 50 बसें शामिल हैं। 

प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे फ्लेक्स बोर्ड 

प्रयागराज माघ मेला क्षेत्र में यात्रियों को उनके गंतव्य की सही जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर बसों की उपलब्धता और मार्गों की जानकारी होगी। उन्होंने बताया कि लखनऊ सहित अन्य शहरों से प्रयागराज के लिए पहले से संचालित बस सेवाएं भी पूर्ववत जारी रहेंगी।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी माघ मेला क्षेत्र में अस्थायी बस स्टेशन बनाए जाएंगे, लेकिन इस बार दो अस्थायी बस स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। मंत्री ने अधिकारियों को सभी बसों को चाक-चौबंद रखने और परिवहन व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

ये भी पढ़े : 
अयोध्या में बनकर तैयार कोरियाई राजकुमारी सूरी रत्ना ''Rani-Ho'' की प्रतिमा, जानिए क्या है खासियत 

संबंधित समाचार