Bareilly: मौलाना तौकीर के करीबी वाजिद बेग के बरातघर पर चला BDA का बुलडोजर
बरेली, अमृत विचार। मौलाना तौकीर रजा खां के एक और करीबी की संपत्ति पर बरेली विकास प्राधिकरण बुलडोजर गरजना शुरू हुआ। फरीदापुर चौधरी में वाजिद बेग के बरात घर पर बीडीए ने बुलडोजर चलाया। जिसके बाद आसपास के इलाकों में खलबली का माहौल हो गया।
मौलाना के करीबी कहे जा रहे वाजिद बेग के फरीदापुर चौधरी स्थित बरातघर कार्रवाई की गई। इस बरातघर को अक्टूबर महीने में ही बरेली विकास प्राधिकरण ने सील कर दिया था। जिसके बाद से बरातघर पर बुलडोजर चलना तय माना जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बरेली विकास प्राधिकरण की टीमे मौके पर पहुंचीं। बरातघर के बाहरी हिस्से को तोड़ना शुरू किया गया।
बीडीए के अधिकारियों के मुताबिक अवैध रूप से बरातघर का निर्माण कराया गया था। लिहाजा अब प्राधिकरण की तरफ से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि मौलाना तौकीर रजा खां की तरफ से बुलाई गए प्रदर्शन से पहले वाजिद बेग के बरातघर में मीटिंग की गई थी ताकि प्रदर्शन में भीड़ जमा की जा सके।
दरअसल इस साल 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद प्रशासन ने मौलाना के करीबियों पर नकेल कसना शुरू की थी। डॉ नफीस के हॉल रजा पैलेस को सबसे पहले जमीदोज किया गया था। इसके हमसफर पैलेस, फहम लॉन, फ्लोरा गार्डन, जैसे आधा दर्जन से ज्यादा बरात घरों को सील किया गया था। हाल ही में सूफी टूला स्थित गुड मैरिज हॉल और एवान-ए-फरहत पर बुलडोजर की कार्रवाई की थी। मगर यहां कोर्ट आदेश के बाद बीडीए को कार्रवाई रोकनी पड़ी।
