'सच में PDA होता तो आजम बनते मुख्यमंत्री...', भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- विपक्ष का पीडीए है ‘पारिवारिक दल एलायंस’
लखनऊ, अमृत विचार: भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर सच में पीडीए होता तो अखिलेश यादव नहीं, बल्कि सबसे वरिष्ठ नेता आजम खान मुख्यमंत्री बनते। सपा के पीडीए का वास्तविक अर्थ ‘पारिवारिक दल एलायंस’ है। ऐसे दलों में किसी भी गैर-पारिवारिक व्यक्ति के लिए शीर्ष पद तक पहुंचना असंभव है।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पंकज चौधरी ने कहा कि कहा कि देश की राजनीति का केंद्र उत्तर प्रदेश है और पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से भी बेहतर परिणाम के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर विकास और सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाएगी। प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर पूछे गए सवाल के जवाब में चौधरी ने कहा कि फिर वरिष्ठ नेता आजम खान को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि जब-जब समाजवादी पार्टी को सत्ता मिली, मुख्यमंत्री एक ही परिवार से चुना गया। यही नहीं, अलग-अलग प्रदेशो में इंडी गठबंधन में शामिल सभी दल पारिवारिक दल एलायंस’ वाला पीडीए हैं। चौधरी ने कहा कि भाजपा में ऐसा नहीं है। यहां जरूरत और क्षमता के अनुसार कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जाती है। उन्होंने अखिलेश यादव के ट्वीट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा में संगठन और सरकार दोनों में सामूहिक नेतृत्व की परंपरा है, जबकि सपा में शीर्ष पद परिवार तक सीमित हैं। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे और प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह भी मौजूद रहे।
35 वर्षों का संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ता सर्वोपरि
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उनके पास 35 वर्षों का संगठनात्मक अनुभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी पहली प्राथमिकता कार्यकर्ताओं का सम्मान, संवाद और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं और उनकी सेवा ही मेरी राजनीति का केंद्र रहेगी। संगठन में बदलाव के सवाल पर कहा कि सर्वानुमति से क्षमता के अनुसार नए लोगों को दायित्व सौंपने का कार्य करेंगे।
इन कार्यक्रमों पर गिनाया फोकस
-अटल जन्म शताब्दी: 403 विधानसभाओं में स्मृति सम्मेलन
-2027 विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का एकजुट अभियान
-24 दिसंबर को स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्ज्वलन
-25–31 दिसंबर ‘सुशासन सप्ताह’, 403 अटल स्मृति सम्मेलन
-25 दिसंबर को प्रधानमंत्री का लखनऊ दौरा, राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण
-26 दिसंबर से साहिबजादों के बलिदान दिवस पर प्रदेशव्यापी कार्यक्रम
-एसआईआर में मतदाता सूची शुद्धिकरण पर भाजपा की सक्रिय भूमिका
