Amroha: सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा बुधवार, नहीं निकला सूरज
अमरोहा, अमृत विचार। ठंड ने कहर ढाना शुरू कर दिया है। बुधवार को तो मौसम के तेवर बेहद तल्ख रहे। पूरा दिन सूरज बादलों की ओट में दुबका रहा। कुछ समय के लिए भी सूरज के दर्शन नहीं हो सके। शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों और बाजारों में लोग अलाव के सहारे बैठे नजर आए। न्यूनतम पारा नौ डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। अधिकतम तापमान भी तीन डिग्री लुढ़क गया। ऐसे में गलन बढ़ गई। कोहरे की चादर से क्षेत्र में विजिबिलटी भी कम हो गई।
बुधवार का दिन सीजन में अब तक सबसे ठंडा रहा। कड़ाके की इस ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। राहत पाने के लिए हर कोई अलाव व हीटर के इर्द-गिर्द सिमटा दिखाई दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पारे में गिरावट का क्रम अभी जारी रहेगा। सर्दी के तेवर और तल्ख होंगे। बुधवार सुबह से ही बादलों ने डेरा जमा लिया था। दिन चढ़ने के साथ ही शीतलहर भी जोर पकड़ती रही।
ठंड के तीखे तेवरों ने पूरे दिन लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया, जिन्हें जरूरी काम से निकलना पड़ा, वह लोग गर्म कपड़े पहनने के बाद भी ठंड में ठिठुरते दिखाई दिए। सीजन में पहली बार सूरज के दर्शन नहीं हुए। शीतलहर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। ठंडी हवा चलने से मंगलवार की तुलना में बुधवार को अधिकतम व न्यूनतम पारा तीन-दो डिग्री लुढ़क गया। गलन और शीतलहर बदस्तूर लोगों की कंपकंपी छुड़ाती रही। शाम ढलते ही गलन के प्रकोप में और इजाफा होने लगा। इसके चलते लोगों ने अपने घरों में दुबकने में ही भलाई समझी। बाजार में दुकानदार जल्दी अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए।
कोहरे में विजिबिलिटी हुई बहुत कम
अमरोहा, अमृत विचार: जिले में सुबह से ही कोहरे की मोटी चादर बिछी रही, जिसके चलते दृश्यता (विजिबिलिटी) लगभग शून्य हो गई। सुबह के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। घने कोहरे के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। नेशनल हाईवे पर वाहन रेंगते निकले। चालकों को डिपर, हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा। घने कोहरे के साथ बढ़ी ठंड ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जगह-जगह लोग अलाव तापते नजर आए। रिक्शा, ठेला और छोटे व्यापारियों को अत्यधिक ठंड के कारण काम-काज में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ऐसे करें ठंड से बचाव
- हल्का गुनगुना पानी पीएं।
- गर्म कपड़े पहनें, बाहर जाने से बचें।
- कमरों में वेंटिलेशन रखें, ताकि हवा पास होती रहे।
- आइस्क्रीम, ठंडी चीजों से परहेज करें।
- ताजा व गर्म भोजन करें।
- कुछ देर के लिए हीटर चलाकर तापमान नियंत्रित करें।
