Bareilly: बीडीए कॉलोनी में बाबा साहब आंबेडकर का पोस्टर फाड़ने पर हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर में सोमवार रात अराजकतत्वों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के पोस्टर पर पहले पत्थर मारा और फिर पोस्टर फाड़ दिया। सामने से कार आती देखकर अराजकतत्व फरार हाे गए। सुबह लोगों ने जब पोस्टर फटा देखा तो हंगामा कर नारेबाजी की। घटना की सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गई। मौके पर पहुंची दो चौकियों की पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया तब कॉलोनीवासी शांत हुए।

करगैना, बीडीए कॉलोनी टंकी वाले पार्क के सामने डॉ. भीमराव आंबेडकर का पोस्टर लगा था। इसमें कुछ लोगों ने नए साल की शुभकामनाएं लिखवाई थीं। सोमवार रात सवा 11 बजे चार लोग सीसीटीवी में कैद हुए। जिसमें दिख रहा है कि सबसे पहले एक अराजक तत्व ने पत्थर लिया और पोस्टर पर मार दिया। इसके बाद वह कुछ आगे बढ़े और फिर पीछे आकर पोस्टर फाड़ दिया। सामने से कार आती देखकर अराजक तत्व आगे निकल गए। सुबह लोगों ने जब पोस्टर फटा देखा तो हंगामा शुरू कर दिया। 

सूचना पर डायल 112 के अलावा करगैना और मढ़ीनाथ चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच कर हंगामा कर रहे लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। कॉलोनी वासियों ने कहा कि कार्रवाई नहीं हुई तो वह उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। इस मामले में सुभाषनगर इंस्पेक्टर जीतेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे चारों आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज