प्रशिक्षु IAS को यूपी की निवेश नीति की बारीकियां समझाईं: इन्वेस्ट यूपी ने विंटर स्टडी टूर में की मेजबानी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: इन्वेस्ट यूपी ने विंटर स्टडी टूर कार्यक्रम के अंतर्गत आईएएस प्रोफेशनल कोर्स फेज-I (2025 बैच) के प्रशिक्षु अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की। इस मौके पर उत्तर प्रदेश की निवेश प्रोत्साहन संरचना तथा सुशासन आधारित आर्थिक परिवर्तन को प्रदर्शित किया गया। यह सत्र अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रेरणा शर्मा ने कहा, “किसी भी निवेश प्रोत्साहन एजेंसी की मूल जिम्मेदारी सरकार की मंशा को निवेशकों के विश्वास में परिवर्तित करना होती है। अपने अनुभव के आधार पर मैंने देखा है कि पहले निवेश प्रक्रिया कितनी विस्तृत और अधिक समय लेने वाली थी।

उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में ‘निवेश मित्र’ की शुरुआत की गई, जिसके माध्यम से सभी अनुमोदनों को इंटीग्रेटेड सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया गया, जिससे निवेशकों के अनुभव में मूलभूत सुधार हुआ है।

उन्होंने आगे कहा, यदि कोई समस्या आती है, तो उसका समाधान करना और निवेशकों का विश्वास बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।

पारदर्शिता और निवेशक सुविधा को और बढ़ाया जाएगा

आगामी ‘निवेश मित्र 3.0’ में कॉमन एप्लिकेशन फॉर्म (सीएएफ) प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें डाटा फ़ील्ड और दस्तावेज़ की आवश्यकताओं को कम किया जाएगा, साथ ही निर्धारित समय-सीमा और एस्केलेशन मैकेनिज़्म के माध्यम से पारदर्शिता और निवेशक सुविधा को और बढ़ाया जाएगा।

सभी प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों से आग्रह करती हूं कि भविष्य में जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी के रूप में वे सक्रिय सुविधा प्रदान करने, विभागों के बीच प्रभावी समन्वय तथा निवेशकों को सशक्त ऑन-ग्राउंड सहयोग सुनिश्चित करें, जिससे निवेश प्रस्ताव समयबद्ध रूप से धरातल पर उतर सकें।

- प्रेरणा शर्मा

संबंधित समाचार