UP: भाखड़ा और पीलखार नदी पर बनेंगे पुल, 33 करोड़ हुए स्वीकृत
रामपुर, अमृत विचार। बिलासपुर में भाखड़ा नदी पर ब्रिटिश काल में निर्मित जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सेतु के पुनर्निर्माण के लिए 22 करोड़ 14 लाख 32 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जबकि पीलखार नदी पर 21 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण होगा। राज्य सरकार द्वारा कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के दो प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने बताया कि दोनों सेतु के पुनर्निर्माण से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, शिक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ी गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। औलख ने बताया कि यह परियोजना राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई है, जो क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने इस निर्णय को जनहितैषी सोच का परिणाम बताया। राज्यमंत्री ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संबंधित विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुंवर बृजेश सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे क्षेत्रवासियों के लिए नववर्ष की सौगात बताया।
बिलासपुर में नैनीताल हाईवे पर स्थित सौ साल पुराने भाखड़ा पुल का अब पुनर्निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए शासन ने 22 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। सेतु निगम द्वारा इस पुल का निर्माण किया जाएगा। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने राज्य योजना (शहरी) के अंतर्गत इस प्रस्ताव और धनराशि को सरकार से मंजूरी दिलाई है। उन्होंने कहा कि यह पुनर्निर्माण वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगा। उन्होंने बताया कि औपनिवेशिक काल में निर्मित इस जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सेतु के पुनर्निर्माण के लिए 22 करोड़ 14 लाख 32 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिलेगा, साथ ही व्यापार, शिक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ी गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।
