नए साल में कश्मीर जाने वाले ध्यान दें... विंटर वंडरलैंड में तब्दील हुई घाटी, अगले 24 घंटे में बारिश-बर्फबारी की संभावना
श्रीनगर। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में कई स्थानों पर ताजा बर्फबारी हुई। साथ ही मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी के बावजूद, घाटी में असामान्य रूप से मौसम गर्म बना हुआ जहां तापमान सामान्य से तीन से सात डिग्री अधिक है।
उन्होंने बताया कि बांदीपोरा के गुरेज, बारामूला के गुलमर्ग और कुपवाड़ा के माछिल सहित उत्तरी कश्मीर के कुछ हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में भी हल्की से मध्यम बर्फबारी की खबरें मिली हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि बुधवार रात से बृहस्पतिवार सुबह तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
इसके अनुसार, उत्तरी और मध्य कश्मीर के कुछ ऊंचे व अत्यधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी की संभावना है। शुक्रवार को भी कुछ छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के सामान्य तापमान से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग इस क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान बना रहा, जहां पारा शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर गया। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से सात डिग्री अधिक है जबकि घाटी के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले शहर काजीगुंड में पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। यह क्षेत्र वर्तमान में 'चिल्ला-ए-कलां'(40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि) से गुजर रहा है। इस दौरान, रात का तापमान आमतौर पर हिमांक बिंदु से तीन से आठ डिग्री नीचे गिर जाता है लेकिन मौजूदा तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है।
ये भी पढ़े :
Pain reliever नीमेसुलाइड पर केंद्र ने लगाई रोक, 100 मिलीग्राम से अधिक की उत्पादन, बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध
