Ghaziabad ATM Van Robbery: लूट के पैसों से नेपाल में काटी मौज, बची रकम से मनाने वाले थे ईद ! बॉर्डर से दबोचे दो इनामी बदमाश
6 मई को गाजियाबाद हाईवे पर एटीएम वैन से की थी 25 लाख की लूट
संपूर्णानगर थाना पुलिस ने गाजियाबाद में हुई चर्चित एटीएम वैन लूटकांड के दो इनामी बदमाशों को नेपाल सीमा से भारत में प्रवेश करते समय गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
संपूर्णानगर, अमृत विचार। संपूर्णानगर थाना पुलिस ने गाजियाबाद में हुई चर्चित एटीएम वैन लूटकांड के दो इनामी बदमाशों को नेपाल सीमा से भारत में प्रवेश करते समय गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की बची नकदी, अवैध तमंचे, कारतूस और नेपाल सिम लगा मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी लूटे गए रुपयों से ईद मनाने की फिराक में थे मगर उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया।
वारदात के बाद भाग गए थे नेपाल
एएसपी अमित कुमार राय ने बताया कि एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन बॉर्डर चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार की टीम ने गोविंद नगर चौराहा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों बदमाशों को दबोच लिया। एसएसपी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गाजियाबाद एटीएम वैन लूटकांड के आरोपी नेपाल भाग गए थे और अब वापस भारत लौट रहे हैं।
आरोपियों ने कबूल किया जुर्म
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नेपाल सीमा से जुड़े कच्चे और पक्के रास्तों पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद दो संदिग्ध युवक नेपाल से भारत की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम सुहैब और फिरोज बताया। दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने 6 मई 2026 को गाजियाबाद हाईवे पर एटीएम वैन लूट की घटना को अंजाम दिया था।
लूट के पैसे से मनाने वाले ईद
लूट में कुल 25 लाख रुपये मिले थे, जिसमें से ढाई लाख रुपये उनके हिस्से में आए थे। वारदात के बाद दोनों नेपाल भाग गए थे और वहीं रहकर रकम खर्च कर दी। बची रकम लेकर दोनों बकरीद मनाने घर लौट रहे थे। सुरक्षा के लिए उन्होंने तमंचे और कारतूस भी साथ रखे थे। गिरफ्तार आरोपियों में सुहैब पुत्र हाजी तौसीन निवासी विजयनगर गाजियाबाद और फिरोज पुत्र खलील अहमद निवासी प्रताप विहार गाजियाबाद शामिल हैं। गाजियाबाद के थाना क्रासिंग रिपब्लिक में दर्ज एटीएम वैन लूट मुकदमे में दोनों वांछित चल रहे थे।
बदमाशों को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे 12 बोर, पांच जिंदा कारतूस, कुल 1,02,400 रुपये नकद, नेपाल सिम लगा मोबाइल फोन और मोबाइल खरीद की रसीद बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना संपूर्णानगर में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दोनों बदमाशों का चालान भेजा है।
