नए साल पर मुख्यमंत्री योगी से मिलने को लगी कतारः मंत्रियों से लेकर अधिकारियों तक ने की मुलाकात, विकास और जनकल्याण पर खुलकर हुई बातचीत
लखनऊ, अमृत विचार: नए साल के पहले ही दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट करने वालों की लंबी कतार देखने को मिली। प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट व राज्य मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शैक्षणिक संस्थानों के पदाधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करने वालों में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, राकेश सचान, सूर्य प्रताप शाही, धर्मपाल सिंह और जयवीर सिंह शामिल रहे। राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, प्रयागराज पश्चिमी से विधायक एवं पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, पूर्व सांसद रीना चौधरी और आरके सिंह पटेल ने भी मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, श्रावस्ती से विधायक राम फेरन पाण्डेय, फतेहपुर के अयाह शाह से विधायक विकास गुप्ता तथा भदोही के जिला मीडिया प्रभारी गोवर्धन राय ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए जनकल्याण, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इनसेट
सामाजिक, शैक्षणिक व संगठनात्मक प्रतिनिधियों की मौजूदगी
वनवासी कल्याण आश्रम, उत्तर प्रदेश के सह संगठन मंत्री आनंद, क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य दिनेश त्रिपाठी एवं प्रचार प्रमुख शार्दुल विक्रम हीरेश ने मुख्यमंत्री से भेंट कर संगठनात्मक गतिविधियों से अवगत कराया। वहीं जे.एस.एस. अकादमी ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च, मैसूरु के प्रो-चांसलर डॉ. बी सुरेश ने शैक्षणिक सहयोग और अनुसंधान से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
इनसेट
प्रशासनिक व संस्थागत प्रतिनिधियों ने भी की भेंट
आईसीएआर–भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), बरेली के कुलपति एवं निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त, लखनऊ विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के सचिव इन्द्र विक्रम सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।
