मंदिर में घुसा चोर, हनुमान जी के किए दर्शन फिर ले गया दानपात्र
पुजारी ने कैंट कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट
लखनऊ, अमृत विचार : कैंट के सदर स्थित शीतला माता मंदिर को शुक्रवार तड़के चोर ने निशाना बनाया। मंदिर में घुसे चोर ने हनुमानजी के दर्शन किए और फिर दानपात्र उठाकर फरार हो गया। सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे तो चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दानपात्र नहीं मिला। सीसीटीवी में आरोपी की करतूत कैद हुई है और पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
सदर के नेहरू रोड स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में पुजारी प्रमोद कुमार पांडेय रहते हैं। एसओ गुरप्रीत कौर ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे चोर मंदिर में घुसा। वह सीधे दानपात्र के पास गया, लेकिन छूने से पहले हनुमानजी की ओर देखा। फिर दानपात्र पर रखी सामग्री हटाई और दोबारा हनुमानजी की ओर देखा। चोर ने पसीना पोछा, कुछ समय सोचा और फिर दानपात्र उठा लिया।
जाते समय उसने भगवान की ओर पीठ न करके तीन कदम उल्टे चलकर बाहर निकला और एक बार फिर हनुमानजी के दर्शन किए। मंदिर में चोर नंगे पांव था, ऐसा लगता है कि बाहर जूते या चप्पल उतार कर आया था। एसओ ने बताया कि चोरी के दौरान चोर ने दानपात्र पर करीब 15 सेकेंड हाथ रखा लेकिन उठाने की हिम्मत नहीं हुई। दानपात्र के ऊपर रखा सिंदूर का कटोरा और दीपक को संभाल कर नीचे रखा गया ताकि वह न बुझें।
सुबह पुजारी ने दानपात्र गायब देख डायल-112 पर सूचना दी। पुजारी ने बताया कि दानपात्र में करीब दो-तीन हजार रुपये होंगे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कराने और उसे पकड़ने की कोशिश कर रही है।
