मेजर का मकान कब्जाने वालों की तलाश में जुटी पुलिस, तीन जिलों में दी दबिश

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: इंदिरानगर-ए ब्लाक में मेजर के मकान के जाली दस्तावेजों के आधार पर वसीयत कराने वाले पांच जालसाजों को गाजीपुर पुलिस ने और चिह्नित कर लिया है। इन जालसाजों में प्रापर्टी डीलर समेत अन्य लोग हैं। उनकी तलाश में तीन जिलों में दबिश दी जा रही है। इसमे से तीन चंदौली और उसके आस पास के रहने वाले हैं। मुख्यमंत्री के नाराजगी के बाद इस मामले में पूर्वी जोन की पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पहले दिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

पुलिस घटना के मुख्य आरोपी चंदौली के सय्यद राजा इलाके के नारायणपुर निवासी बलवंत कुमार यादव उर्फ बबलू और दाउदपुर के मनोज यादव के खिलाफ साक्ष्य जुटा रही है। सोमवार को गाजीपुर पुलिस आवास विकास को पत्राचार कर मकान के म्यूटेशन से जुड़े दस्तावेज मंगाएगी। साथ ही चंदौली रजिस्ट्रार कार्यालय को पत्र भेजकर वसीयत और उसमें लगे दस्तावेजों का ब्योरा उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखेगी। इसके बाद दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाएगी।

गाजीपुर पुलिस म्यूटेशन करने वाले आवास विकास और रजिस्ट्रार दफ्तर में वसीयत से जुड़े सरकारी कर्मचारियों की भी भूमिका की भी जांच कर रही है। इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्या ने बताया कि पुलिस टीमें जालसाजों की तलाश में बनारस, गाजीपुर जिले और चंदौली में दबिश दे रही हैं।

 

संबंधित समाचार