Up Weather: शीतलहर ने बढ़ाई गलन भरी ठंड, पारा 6 डिग्री पहुंचा, यहां जारी अलर्ट
लखनऊ, अमृत विचार: पहाड़ों पर बर्फबारी और 15 से 20 किलोमीटर की रफ्तार से चल रहीं हवाओं और कोहरे से राजधानी में गलन भरी ठंड बढ़ गई। रविवार को ठंड के आगे धूप भी बेसअर रही। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शनिवार के मुकाबले न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक गिरावट दर्ज की गयी। यह सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान तापमान में थोड़ी और गिरावट के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की सम्भावना है। आगामी कुछ दिनों तक घने से बहुत घने कोहरे एवं तेज हवाओं के कारण तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए कई जिलों में चेतावनी जारी की है। रविवार को कानपुर, इटावा, बाराबंकी, शाहजहांपुर, बरेली, हरदोई सहित कई जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया। 3.2 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। धूप निकलने वाले इलाकों में भी गलन कम नहीं हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 12वी तक के स्कूल-कालेज पहले ही सोमवार तक बंद रखने के आदेश हैं।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद चल रही पछुआ हवाओं के कारण सोमवार को कानपुर और इटावा में आंशिक शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। कई जिलों में रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और गिरावट संभव है।
इन जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाके।
यहां शीत दिवस की संभावना
कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर सहित आसपास के क्षेत्र।
