Amethi News: अमेठी पुलिस को बड़ी 20 हजार का इनामी गैंगस्टर समेत 2 बदमाश गिरफ्तार, खंडहर में छिपाकर रखी थीं चोरी की बाइकें
अमेठी। उत्तर प्रदेश में अमेठी पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर समेत दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर खंडहर में छिपाकर रखी गई चार चोरी की मोटरसाइकिलें और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह अमेठी, सुलतानपुर और प्रतापगढ़ में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देकर नंबर प्लेट बदलकर वाहनों को ठिकाने लगाता था।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के अनुसार ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत रविवार को थाना मुसाफिरखाना पुलिस द्वारा तलाश वांछित, देखभाल क्षेत्र व चेकिंग संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु, वाहन के दौरान मंगलम अण्डरपास के पास सुलतानपुर की तरफ से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को रोक कर पूछताछ की गयी। पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम-पता रोशन अहमद पुत्र इन्तजार अहमद निवासी ग्राम भीखीपुर थाना मुसाफिरखाना जनपद अमेठी बताया।
बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम आकाश गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता निवासी ग्राम गल्लामंडी थाना मुसाफिरखाना जनपद अमेठी बताया। मोटरसाइकिल स्प्लेण्डर प्लस के कागज मांगने पर दिखा न सके। रोशन अहमद थाना मुसाफिरखाना में दर्ज मुकदमा उप्र गैंगेस्टर एक्ट में वांछित व 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित शातिर अपराधी है। जिसके विरुद्ध पूर्व में चोरी के कई अभियोग पंजीकृत है। जिसके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद हुए जिसमें से एक मोबाइल फोन रियल मी चोरी का बताया।
पुलिस ने आगे बताया कि दोनो युवकों के पास से बरामद स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल व रियल मी मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वह दोनों मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करते हैं। जिन्हें बेच कर रुपये आपस में बराबर-बराबर बांट लेते हैं ।
बरामद यह स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल चोरी की है। जिसे करीब तीन माह पूर्व कामाख्या इण्टर कॉलेज सांगीपुर जनपद प्रतापगढ़ से चोरी किया था।बरामद मोबाइल उसी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखा था । अभियुक्तों की निशानदेही पर पब्लिक हॉस्पिटल के आगे एक खण्डहर से चोरी की तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
जिसमें अपाचे मोटरसाइकिल को लगभग 50 दिन पूर्व जनपद सुलतानपुर कचहरी से, दूसरी मोटरसाइकिल स्प्लेण्डर प्लस को लगभग 16 दिन पूर्व अलीगंज बाजार थाना बंधुआ कला जनपद सुलतानपुर से, तीसरी मोटरसाइकिल लगभग दो माह पूर्व राजापुर बाजार थाना कुड़वार जनपद सुलतानपुर से चोरी किए थे।पुलिस से बचने के लिए बाइक के नंबर प्लेट बदल देते थे। गिरफ्तारी के संबंध में थाना मुसाफिरखाना पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है।
