लखनऊ: इलेक्ट्रिक डबल डेकर 'लखनऊ दर्शन' बस आज से शुरू, मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ में पर्यटन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह 6 जनवरी यानी की आज से लखनऊ दर्शन बन शुरू करने जा रहे हैं। सुबह 10 बजे 1090 चौराहे पर ‘लखनऊ दर्शन’ इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस को हरी झंडी दिखाएंगे। आमजन और पर्यटकों के लिए ये सेवा 7 जनवरी 2026 से नियमित रूप से संचालित होगी। 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर किराए में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
पर्यटन मंत्री ने सोमवार को बताया कि उप्र. राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ले दो मॉक ड्रिल के बाद सेवा को शुरू करने जा रहा है। पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक बस राजधानी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आधुनिक विरासत को एक ही यात्रा में दर्शाने का माध्यम बनेगी। लखनऊ दर्शन बस राजधानी की पहचान बनेगी और सतत पर्यटन को बढ़ावा देगी। वयस्कों के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये और 5 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए 400 रुपये शुल्क रखा गया है। यात्रा पैकेज में प्रवेश टिकट और हल्का जलपान शामिल रहेगा।
दो शिफ्ट में चलेगी बस
बस सुबह और शाम दो शिफ्ट में चलाई जाएगी। पहले शिफ्ट सुबह 8:30 से 11:30 बजे तक होने वाले टूर में राजभवन, हजरतगंज, बेगम हजरत महल पार्क, छतर मंजिल, रेजीडेंसी, विधान सभा भवन, यूपी दर्शन पार्क, अंबेडकर पार्क और गोमती रिवर फ्रंट जैसे प्रमुख स्थल और शाम 4 से 7 बजे तक के टूर में रेजीडेंसी में लाइट एंड साउंड शो सहित शहर के प्रमुख आकर्षण दिखाए जाएंगे।
