सिटी बस : किराया घटा तो बढ़ा भरोसा, यात्रियों की संख्या में दस गुना इजाफा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सस्ता किराया और बेहतर सुविधाओं ने बरेली की सिटी बस सेवा की तस्वीर बदल दी है। कभी खाली चलने वाली एसी ई-बसें अब यात्रियों से भरकर दौड़ रही हैं। तीन माह पहले तक प्रतिदिन महज 500 से 600 यात्री इन बसों में सफर कर रहे थे, लेकिन किराया घटने के बाद यह संख्या बढ़कर पांच हजार से अधिक हो गई है।

सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के आंकड़े बताते हैं कि यात्रियों का रुझान तेजी से सार्वजनिक परिवहन की ओर बढ़ा है। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बाजार आने-जाने वाले लोग अब ऑटो या निजी वाहनों के बजाय सिटी बसों को प्राथमिकता दे रहे हैं। पिछले साल ग्रामीण रूटों से हटाकर सभी 25 ई-बसों को शहरवासियों को समर्पित कर दिया गया था। इन बसों का न्यूनतम किराया 12 रुपये था। 

शहर के तीन रूटों पर 60 स्टॉपेज होने के बावजूद यात्रियों की संख्या अपेक्षा से कम थी। यात्रियों के फीडबैक के बाद जनवरी के पहले सप्ताह से न्यूनतम किराया घटाकर पांच रुपये कर दिया गया। इस फैसले का असर कुछ दिन बाद ही दिखाई देना शुरू हो गया। पहले जहां बसों में सीटें खाली रहती थीं, वहीं अब कई फेरे लगभग फुल चल रहे हैं। कम किराये में एसी, आरामदायक और प्रदूषण-मुक्त यात्रा लोगों को आकर्षित कर रही है।

सुरक्षा और तकनीक भी इस सेवा की बड़ी खासियत बनकर उभरी है। बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिससे खासकर महिला यात्रियों और अभिभावकों में भरोसा बढ़ा है। साथ ही ई-बस सेवा एप के माध्यम से यात्री बसों की लाइव लोकेशन, आगमन समय और उपलब्ध रूट की जानकारी आसानी से प्राप्त कर रहे हैं। उन्हें पता रहता है कि बस कितनी देर में स्टॉप पर पहुंचेगी, जिससे समय की बचत हो रही है। यही कारण है कि नियमित यात्री वर्ग तेजी से इस सेवा से जुड़ रहा है। हालांकि एक रूट पर संचालन अस्थायी रूप से बंद है।

नगर निगम की ओर से सिटी स्टेशन से दूल्हा मियां की मजार तक सड़क निर्माण कार्य के चलते डायवर्जन किया गया है। इस कारण झुमका तिराहे से सेटेलाइट बस अड्डा वाया चौपुला, गांधी उद्यान रूट पर ई-बसों का संचालन तीन माह के लिए रोका गया है। इसके बावजूद कुल यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। दिसंबर में जहां 750 से 800 सवारियां मिली थीं थी। वहीं जनवरी में किराया घटना के बाद प्रतिदिन का आंकड़ा करीब दो हजार पहुंची। 15 फरवरी तक आंकड़ा करीब साढ़े चार हजार था, अब यह पांच हजार पार कर चुका है, जो इस बात का संकेत है कि सस्ती और सुविधाजनक सिटी बस सेवा बरेलीवासियों की पहली पसंद बनती जा रही है।

सिटी बस सेवा  प्रबंध संचालक मनीषा दीक्षित ने बताया कि पिछले साल सिटी बस सेवा जब शुरू हुई थी तो यात्रियों की औसत संख्या 800 थी। जनवरी माह में किराये में कटौती के बाद लगातार यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अब बसों में यात्रियों की आंकड़ा पांच हजार के करीब पहुंच गया है। आगे भी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।

 

संबंधित समाचार