रामपुर: बिलासपुर के मैकेनिक ने चंडीगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। बिलासपुर तहसील क्षेत्र के हलुनागर गांव निवासी वर्कशॉप मैकेनिक देवेंद्र नायक का शव चंडीगढ़ में एक पेड़ से लटका मिला। परिजन आत्महत्या से इंकार कर रहे हैं और हत्या की आशंका जता रहे हैं। मृतक का शव सोमवार देर रात गांव लाया गया।

बिलासपुर तहसील क्षेत्र के हलुनागर निवासी देवेंद्र (28) नायक पुत्र सतपाल पिछले करीब 9 सालों से चंडीगढ़ के सेक्टर-18 स्थित रेलवे स्टेशन के पास एक वर्कशॉप में डेटिंग-पेंटिंग का काम करता था। लगभग चार साल पहले उसने चंडीगढ़ में शादी कर ली थी और अपने ससुरालियों के साथ रह रहा था। उसका एक छह महीने का बेटा भी है। बीते शनिवार दोपहर को देवेंद्र का शव वर्कशॉप से कुछ दूरी पर एक बाग में पेड़ से लटका हुआ मिला। 

सूचना मिलने पर परिजन रविवार को चंडीगढ़ पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को उन्हें शव सौंपा गया, जिसे लेकर वे देर रात करीब एक बजे अपने पैतृक गांव हलुनागर पहुंचे। मृतक के पिता सतपाल और चचेरे भाई जयदेव ने ससुरालियों पर देवेंद्र की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि ससुरालियों का बर्ताव अच्छा नहीं था और वे अंतिम संस्कार में भी शामिल होने नहीं आए हैं, जिससे उनकी आशंका और पुख्ता होती है। परिजनों ने चंडीगढ़ पुलिस के समक्ष अपनी आशंका व्यक्त की थी, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद वो फिर से चंडीगढ़ जाकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश करेंगे।

संबंधित समाचार