वोटर लिस्ट में नहीं है नाम... यूपी में 2.89 करोड़ वोटरों के पास अभी भी मौका, जल्द दर्ज कराएं आपत्ति, वर्तमान में प्रदेश में कुल मतदाता 15 करोड़ 44 लाख

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। ऐसे में जहां लिस्ट में कुल 15.44 करोड़ मतदाता थे और अब 12.55 करोड़ मतदाता रह गए हैं। वहीं इस लिस्ट में शामिल 12.55 करोड़ मतदाताओं में से 91.75 प्रतिशत की मैपिंग कर ली गई है। जिन करीब 8.25 प्रतिशत लोगों के नाम मैपिंग में नहीं मिले हैं, उन 1.04 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने मंगलवार को लोकभवन में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की। इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 12.55 करोड़ में से 11.55 करोड़ लोगों यानी 91.75 प्रतिशत लोगों की मैपिंग चुनाव आयोग ने कर ली है। यह वह मतदाता हैं, जिनके नाम का मिलान वर्ष 2003 की मतदाता सूची से कर लिया गया है। यह वे वोटर हैं, जिनका या तो खुद का नाम या फिर माता-पिता का नाम, बाबा-दादी का नाम और नाना-नानी का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में था। ऐसे में अब इन्हें कोई नोटिस नहीं जाएगी। वहीं बचे 1.04 करोड़ यानी 8.25 प्रतिशत लोगों को नोटिस भेजी जा रही है। नोटिस के बाद उनसे दस्तावेज मांगे जाएंगे। फिर जांच में सही पाए जाने पर ही उन्हें वोटर बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची सीईओ की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर उपलब्ध है। यहां वोटर्स अपने नाम देख सकते हैं। अगर उनका नाम सूची में नहीं है तो 6 फरवरी तक दावे व आपत्तियां कर सकते हैं। वहीं मंगलवार से ही 27 फरवरी तक दावे व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। 27 अक्तूबर 2025 से एसआईआर की घोषणा की गई और उस समय मतदाता सूची में शामिल 15.44 करोड़ लोगों के नाम फ्रीज कर दिए गए। चार नवंबर से गणना चरण शुरू हुआ।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, पहले 4 दिसंबर, फिर 11 दिसंबर और तीसरी बार 26 दिसंबर तक गणना चरण को बढ़ाया गया। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के प्रकाशन की तिथि भी 31 दिसंबर से बढ़ाकर 6 जनवरी की गई। ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद अब नोटिस एवं ईआरओ या एईआरओ के द्वारा ही किसी का नाम काटा जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस बार 1200 मतदाताओं पर एक बूथ बनाया गया है, इसलिए प्रदेश में 15030 पोलिंग बूथ बढ़ गए हैं। ऐसे में अब 1,62,486 बूथों से बढ़कर 1,77,516 हो गए हैं।

इन श्रेणियों में मिले मतदाता

स्थानांतरित/अनुपस्थित- 2.17 करोड़

मृत- 46.23 लाख

डुप्लीकेट- 25.47 लाख

फार्म न जमा करने वाले -7.57 लाख

इन 5 जिलों में कटे सबसे ज्यादा नाम

लखनऊ - 12 लाख

प्रयागराज - 11.56 लाख

कानपुर नगर - 9.02 लाख

आगरा - 8.36 लाख

बरेली - 7.14 लाख

इन 5 जिलों में कटे सबसे कम नाम

शामली- 1.63 लाख

कासगंज- 1.72 लाख

बांदा- 1.75 लाख

बागपत- 1.77 लाख

अमरोहा- 1.81 लाख

संबंधित समाचार