Bareilly : सिटी बस में मिनी बाईपास से सेटेलाइट तक बढ़े यात्री, महादेव पुल रूट भी हुआ व्यस्त
बरेली, अमृत विचार। सिटी बसों का किराया कम होने और रूट में बदलाव से यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। सबसे ज्यादा सवारियां पांच रुपये वाली मिल रही हैं। जहां किराया कम होने से पहले रोजाना औसत 17500 सवारियां मिलती थीं जो अब 21500 के करीब पहुंच गई हैं।
मिनी बाइपास से सेटेलाइट बस अड्डा के बीच सबसे अधिक सवारियां मिलने लगी हैं। इस रूट पर हाल ही में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छह नए स्टॉपेज भी जोड़े गए हैं। इस रूट पर एक चक्कर में लगभग 90 सवारियों को परिवहन किया जा रहा है, जबकि कुछ समय पहले यह संख्या 60-65 के आसपास रहती थी। यात्रियों का कहना है कि अब बसें समय पर चल रही हैं और स्टॉपेज बढ़ने उन्हें अपने गंतव्य तक जल्दी और आराम से पहुंचने में मदद मिल रही है।
दूसरे नंबर पर महादेव पुल से सिटी बसों को 95 के करीब सवारियां मिल रही हैं। इस रूट पर भी यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह शहर के व्यस्त रूटों में से एक बन गया है। संचालन प्रबंधक मनीषा दीक्षिता ने बताया कि तीन दिन पहले यात्रियों की सुविधा के लिए स्वालेनगर मिनी बाईपास से सेटेलाइट बस अड्डा के बीच छह नए स्टॉपेज बढ़ाए गए हैं।
इससे बसें अब मिनी बाईपास से कर्मचारी नगर, भास्कर हॉस्पिटल, बसंत विहार चौराहा, इज्जतनगर तिराहा, आईवीआरआई, ट्यूलिप टॉवर, डेलापीर चौराहा, कुर्मांचल नगर, एयरफोर्स गेट, बैरियर टू, फन सिटी, फिनिक्स मॉल, महानगर कालोनी, सौ फुटा रोड तिराहा, संजयनगर, सुरेश शर्मा नगर, डोहरा रोड, रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बीसलपुर चौराहा, सतीपुर चौराहा, सेटेलाइट बस अड्डा, खुर्रम गौटिया, बियावानी कोठी, गांधी उद्यान, प्रभा टॉकीज, चौकी चौराहा और कलेक्ट्रेट तक जा रही हैं।
दूसरे नंबर पर मिनी बाईपास से डेलीपीर होते हुए महादेव पुल से बसें चौकी चौराहा, गांधी उद्यान होते हुए सेटेलाइट पहुंचती हैं। झुमका से सीबीगंज, मिनी बाईपास, किला, चौपुला, चौकी चौराहा होते हुए सेटेलाइट बस स्टैंड रूट पर भी यात्रियों की संख्या में अब इजाफा देखने को मिल रहा है। संचालक प्रबंधक का कहना है कि किराए में कटौती और स्टॉपेज की संख्या बढ़ने से सिटी बसों को आम जनता में काफी लोकप्रियता मिली है। वर्तमान में सिटी बस सेवा न केवल शहर के नागरिकों के लिए सुविधाजनक बन रही है। आने वाले समय में यह सेवा शहर में अधिक स्थायी और प्रभावशाली साबित होगी।
