अखिलेश यादव का आरोप- भाजपा बेईमानी और भ्रष्टाचार पर उतारू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरी तरह बेईमानी और भ्रष्टाचार पर उतर आई है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को लूट लिया है और जनता को धोखा देने के लिए अब मंत्रिमंडल विस्तार जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव प्रदेश में लोकतंत्र बचाने का चुनाव है और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पूरी ताकत से जुटना होगा।

मंगलवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। सरकार की विफलताओं के कारण जनता का भरोसा उससे उठ चुका है और प्रदेश में अब परिवर्तन तय है।

उन्होंने कहा कि आने वाली सरकार समाजवादी पार्टी की होगी, क्योंकि जनता का विश्वास सपा पर है और 2012 से 2017 के बीच समाजवादी सरकार में हुआ विकास आज भी लोगों को याद है। अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही है।

उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ काम करें तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर प्रदेश में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी। सभी वर्गों को सम्मान और न्याय मिलेगा तथा विकास को नई दिशा दी जाएगी। 

अखिलेश यादव ने घोषणा की कि समाजवादी सरकार बनने पर गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा बिजली पासी की स्वर्ण प्रतिमा स्थापित की जाएगी और सभी महापुरुषों का सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा ही समाज को सही दिशा में ले जा सकती है। समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है और इस संघर्ष में जनता पूरी मजबूती से पार्टी के साथ खड़ी है।

संबंधित समाचार