ठंड से कांपा उत्तर भारत, शीतलहर और कोहरे से इन राज्यों में Low विजिबिलिटी, जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के कई इलाकों में घने कोहरे की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री के आस-पास सेल्सियस रहने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार, सोमवार से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। 19 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 23 जनवरी तक कुछ इलाकों में भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 

इस मौसम प्रणाली का असर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार तक महसूस किया जा सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में घना कोहरा बना रहेगा। हालांकि शीतलहर की तीव्रता में कुछ कमी आई है, लेकिन ठंड पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी संभव है, फिर भी सर्दी का असर बरकरार रहेगा। 

19 से 22 जनवरी के बीच दिल्ली के तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और देर रात घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसे देखते हुए आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आगे देखते हुए, 23 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 

वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कोहरे के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की आशंका जताई गई है। लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 जनवरी के बाद मौसम में एक बार फिर बदलाव आ सकता है, जिससे मैदानी इलाकों में तापमान गिरने और ठंड बढ़ने के आसार हैं। 

पंजाब-हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी 

पंजाब और पड़ोसी राज्य हरियाणा में जारी ठंड के प्रकोप के बीच अमृतसर सोमवार को पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी रात ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम छह डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमशः 4.6 डिग्री और 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

अमृतसर सबसे ठंडा 

होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस, फिरोजपुर में 5.7 डिग्री, गुरदासपुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा में भिवानी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में यह 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.4 डिग्री सेल्सियस और नारनौल में छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

कश्मीर में शीतलहर से थोड़ी राहत मिली, 'चिल्ला-ए-कलां' का दौर अब भी जारी 

कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की वृद्धि दर्ज की गयी जिससे घाटी में शीतलहर की स्थिति से थोड़ी राहत मिली है। यहां अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो एक रात पहले के शून्य से नीचे 4.7 डिग्री सेल्सियस तापमान से अधिक है। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित पर्यटक स्थल सोनमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह घाटी में अब तक का सबसे ठंडा स्थान रहा। 

दक्षिण कश्मीर के शोपियां और पुलवामा शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमशः शून्य से 4.7 डिग्री और 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में स्थित पहलगाम पर्यटक स्थल में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में रात का तापमान गिरकर शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया। 

अधिकारियों ने बताया कि घाटी का प्रवेश द्वार माने जाने वाले शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

कश्मीर घाटी इस समय 'चिल्ला-ए-कलां' के दौर से गुजर रही है, जो 40 दिनों की अत्यधिक ठंड का समय होता है, जिसके दौरान रात का तापमान अक्सर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर जाता है और हिमपात की आशंका सबसे अधिक होती है। पिछले साल 21 दिसंबर को शुरू हुआ 'चिल्ला-ए-कलां' 30 जनवरी को समाप्त हुआ था। 

राजस्थान में न्यूनतम तापमान बढ़ने से राहत  

राजस्थान के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली है जहां बीते चौबीस घंटे में सबसे न्यूनतम तापमान नागौर में 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने सोमवार सुबह बताया कि इस दौरान न्यूनतम तापमान अलवर में 7.2 डिग्री सेल्सियस, सिरोही में 8.1 डिग्री, लूणकरणसर और श्रीगंगानगर में 8.3 डिग्री, अंता में 9.0 डिग्री और बीकानेर में 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। 

ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जाने लगा है। राज्य की राजधानी जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री रहा। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के कुछ भागों में 22 से 24 जनवरी के दौरान एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने व मावठ की बारिश होने की संभावना है। 

इसके प्रभाव से 22-23 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में बादलों की गरज और आकाशीय बिजली की चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 23-24 जनवरी को शेखावाटी क्षेत्र व जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में भी बादलों की गरज और आकाशीय बिजली की चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

लाहौल-स्पीति में बर्फबारी की चेतावनी 

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ती जा रही है और लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने बिगड़ती मौसम स्थितियों के चलते पर्यटकों को जोखिम भरे यात्रा से बचने के लिए सख्त परामर्श जारी किया है। हल्की बर्फबारी और सड़कों पर पड़ी बर्फ की परत से सड़कों पर पहले से ही फिसलन है, लेकिन अन्य पहाड़ी पर्यटन स्थल पर सूखे मौसम के कारण पर्यटक बड़ी संख्या में जनजातीय जिले की ओर आ रहे हैं। 

अधिकारियों का कहना है कि अचानक बढ़ी भीड़ ने यातायात प्रबंधन पर भारी दबाव डाल दिया है, खासकर दारचा-शिंकुला अक्ष जैसे संवेदनशील पहाड़ी हिस्सों और काजा एवं ऊंचाई पर स्थित गांवों की ओर जाने वाली सड़कों पर। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि गुरुवार और शुक्रवार से आने वाले नये पश्चिमी विक्षोभ से बर्फबारी और तेज हो सकती है तथा सड़कों की हालत बहुत खराब हो सकती है। ऐसे में गाड़ियां लंबे समय तक फंसी रह सकती हैं, क्योंकि बचाव और लोगों को निकालने का काम बहुत मुश्किल हो सकता है। 

अधिकारियों ने चेताया कि शून्य से नीचे तापमान में लंबे समय तक फंसे रहना गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है, खासकर उन पर्यटकों के लिए जो बेहद ठंडे मौसम के आदी नहीं हैं। पुलिस ने परामर्श जारी किया है कि अनुमति वाले क्षेत्रों से आगे जाने पर पूरी तरह रोक है। 

पर्यटकों की भीड़ से सुरक्षा चिंता बढ़ी 

सैलानियों से कहा गया है कि वे आधिकारिक निर्देशों के मुताबिक तय समय पर वापस आ जायें, असुरक्षित जगहों पर न रुकें, कैंप न लगायें या गाड़ियां पार्क न करें। इसके साथ ही नदी के किनारों, झरनों और भूस्खलन वाले इलाकों से पूरी तरह बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बर्फ से ढकी सड़कों पर तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया है कि बर्फबारी के कारण जो जगह आकर्षक लगती है, अगर मौसम की चेतावनियों को नजरअंदाज किया गया तो वही जगह जानलेवा हो सकती है। 

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदलेगा यूपी का मौसम 

लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही घने कोहरे में भी कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 जनवरी से प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बीते कुछ दिनों से रात के तापमान में जो गिरावट देखी जा रही थी, वह अब थम गई है। 

हालांकि हल्की बढ़ोतरी के बावजूद शनिवार रात को प्रदेश के मध्य हिस्सों हरदोई, अमेठी, अयोध्या और बाराबंकी में आंशिक शीतलहर की स्थिति बनी रही। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा में बदलाव हुआ है, जिसके चलते अगले 24 से 48 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे रात की शीतलहर से राहत मिलेगी और प्रदेश में छाए घने कोहरे में 20 जनवरी के बाद धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। 

ये भी पढ़ें : 
यूपी के साइबर मॉडल का बजेगा डंका...तेल अवीव में भारत से 2 प्रतिनिधि होंगे शामिल, 20 से अधिक देशों के Cyber ​​expert लेंगे हिस्सा 

 

 

संबंधित समाचार