UPSC Result : यूपीएससी ने घोषित किया सिविल सर्विस का रिजल्ट, अनुज अग्निहोत्री बने टॉपर
अमृत विचार: IAS फाइनल रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है। संघ लोक सेवा आयोग ने 6 मार्च को सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित किए। अनुज अग्निहोत्री यूपीएससी के टॉपर बने हैं। राजेश्वरी सुवे एम और अकांश ढुल ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस बार कुल 958 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। जिनमें 659 पुरुष और 299 महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने चिकित्सा विज्ञान को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर परीक्षा उत्तीर्ण की। अग्निहोत्री ने एम्स, जोधपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। आयोग के अनुसार दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम रहीं जिन्होंने अन्ना विश्वविद्यालय, चेन्नई से इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीई किया है और समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना। तीसरा स्थान अकांश ढुल को मिला, जो दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम स्नातक हैं और उन्होंने वाणिज्य एवं लेखांकन को वैकल्पिक विषय के रूप में लिया था।
चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला रहे, जिन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र (ऑनर्स) में स्नातक किया है और अर्थशास्त्र को ही वैकल्पिक विषय चुना।
पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर रहे, जिन्होंने राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, दिल्ली से बीए एलएलबी (ऑनर्स) किया है और समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में लिया। उन्होंने कहा कि शीर्ष पांच सफल उम्मीदवारों में एक महिला और चार पुरुष शामिल हैं।
वहीं शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 11 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं। आयोग के अनुसार शीर्ष 25 उम्मीदवारों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईआईटी, एनएलयू, एम्स, डीटीयू, अन्ना विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय और मुंबई विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग, मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, कानून, चिकित्सा विज्ञान और जनसंचार जैसे विषयों में स्नातक स्तर की रही है।
इन उम्मीदवारों ने मुख्य परीक्षा में मानव विज्ञान, वाणिज्य एवं लेखांकन, रसायन विज्ञान, अर्थशास्त्र, विद्युत अभियांत्रिकी, इतिहास, गणित, चिकित्सा विज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, लोक प्रशासन और समाजशास्त्र जैसे विषयों को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना।
आयोग ने बताया कि कुल 958 उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। सिविल सेवा परीक्षा यूपीएससी द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए प्रतिवर्ष तीन चरणों - प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार - में आयोजित की जाती है। शुक्रवार को परीक्षा परिणाम घोषित होते ही सोशल मीडिया पर जश्न छा गया। सफल अभ्यर्थियों को देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं।
सिविल सेवा परीक्षा में अव्वल रहे अनुज को मुख्यमंत्री शर्मा ने दी बधाई
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले अनुज अग्निहोत्री को बधाई दी है। शर्मा ने कहा कि अनुज की यह उपलब्धि राज्य के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी। उल्लेखनीय है कि आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा-2025 के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जिसमें अनुज अग्निहोत्री ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। अनुज राजस्थान के रावतभाटा के रहने वाले हैं।
शर्मा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा,''यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2025 में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाने वाले राजस्थान के सपूत अनुज अग्निहोत्री को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं! आपकी यह अभूतपूर्व उपलब्धि राज्य के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी।'' उन्होंने कहा,''परीक्षा में सफल हुए सभी अन्य अभ्यर्थियों को भी हार्दिक शुभकामनाएं! मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी पूर्ण निष्ठा से 'राष्ट्र सेवा' का संकल्प सिद्ध करेंगे।
आयोग ने एक बयान में कहा कि 348 अनुशंसित प्रतिभागियों की उम्मीदवारी को अस्थायी रखा गया है। केंद्र सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भरी जाने वाली 1,087 रिक्तियों की घोषणा की थी। यूपीएससी के परिसर में परीक्षा हॉल के पास एक "सुविधा काउंटर" बनाया गया है।
अभ्यर्थी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच व्यक्तिगत रूप से या टेलीफोन के माध्यम से अपनी परीक्षाओं/भर्ती के संबंध में कोई भी जानकारी/स्पष्टीकरण प्राप्त कर सकते हैं। बयान में कहा गया है, "परिणाम घोषित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर वेबसाइट पर अंक उपलब्ध होंगे।
आपको बता दें कि यूपीएससी हर साल सिविल सर्विसेज परीक्षा आयोजित करती है। ये भारत की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। यूपीएससी के जरिये भारत प्रशासनिक सेवाओं के लिए कुशल अधिकारी चयनित किए जाते हैं। जिसमें इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS), इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) इंडियन फॉरेन सर्विस (IFS) और इंडियन रेवेन्यू सर्विसेज के अधिकारियों के अलावा रेलवे समेत अन्य पदों के लिए अधिकारी चयनित होते हैं।
