रक्षा मामलों की संसदीय समिति आज आएगी अयोध्या, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी सदस्य

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार: देश में रक्षा मामलों की 31 सदस्यीय संसदीय समिति शुक्रवार को अयोध्या आएगी। इसमें लोकसभा के 21 और राज्यसभा के 10 सदस्य शामिल हैं। भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह समिति के अध्यक्ष हैं। विपक्ष के नेता राहुल गांधी व कार्ति पी. चिदंबरम भी इस समिति के सदस्य हैं। समिति के सदस्यगण श्रीराम मंदिर में राम लला का दर्शन पूजन करेंगे। अयोध्या भ्रमण करेंगे। रात्रि प्रवास के बाद शनिवार को वापस जाएंगे। 

समिति के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि 31 सदस्यीय समिति शुक्रवार को दूसरी बेला लगभग दो बजे आना प्रस्तावित हैं। समिति के सदस्य राम लला का दर्शन-पूजन आर अयोध्या भ्रमण करेंगे। रात्रि विश्राम हाईवे स्थित एक होटल में ठहरेंगे, शनिवार की सुबह वापस लौट जाएंगे।

एक बार अयोध्या आए थे राहुल, नहीं पहुंचे थे राम मंदिर

लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अब तक एक बार अयोध्या आए हैं, लेकिन राम मंदिर तक नहीं पहुंचे। मंदिर निर्माण के पहले या बाद भी अब तक राहुल गांधी श्रीराम मंदिर नहीं आए हैं। राहुल रक्षा मामलों की संसदीय समिति में अयोध्या आएं या न आएं लेकिन वह सियासी चर्चा के केंद्र बिंदु में आएंगे। हालांकि गुरुवार शाम तक राहुल के वीआईपी मूवमेंट को लेकर न तो प्रशासन के पास कोई कार्यक्रम आया है और न ही कांग्रेस संगठन के पास इस आशय की कोई सूचना आई है।

साल 2017 में रोड शो के दौरान राहुल गांधी पहली बार अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया था, लेकिन राम लला के दरबार तक नहीं पहुंचे थे। उस समय तक न्यायालय से मंदिर के पक्ष में फैसला नहीं आया था। मंदिर के पक्ष में फैसला आने के बाद भी राहुल गांधी परिवार से कोई भी अब तक राम मंदिर तक नहीं पहुंचा। प्राण प्रतिष्ठा में राहुल गांधी के साथ अन्य को न्योता भेजा गया था लेकिन तब भी वह नहीं आए। इसको लेकर सियासी हलके में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

अयोध्या आएं या न आएं, फिर सियासी चर्चा में आएंगे

भारत के रक्षा मामलों की 31 सदस्यीय संसदीय समिति शुक्रवार को अयोध्या पहुंच रही है। समिति के दौरे को लेकर प्रोटोकाल जारी कर दिया गया है। सब की निगाह अब भी विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर टिकी है। पक्ष या विपक्ष दोनों में राहुल गांधी के अयोध्या आने या न आने की जानकारी के लिए उत्सुकता है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कई अन्य नेताओं ने राम लला का दर्शन पूजन किया था। तभी से उम्मीद की जा रही है कि राहुल गांधी अयोध्या राम मंदिर आ सकते हैं। इस बार उनका आना न आना दोनों ही चर्चा के केंद्र में आएगा। राजनीति में मुद्दा बन सकता है। संसदीय दल का दौरा खासतौर से कांग्रेस के लिए नई सियासी लकीर खिंचेगा। लोगों की निगाह राहुल के दौरे पर इसलिए भी है।

वीआईपी के नोडल व सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार बताते हैं कि विपक्ष के नेता के अयोध्या दौरे संबंधी कार्यक्रम अब तक नहीं आया है। प्रशासन के साथ ही कांग्रेस संगठन के पास भी अब तक राहुल गांधी के अयोध्या दौरे संबंधी कोई सूचना नहीं है। जिलाध्यक्ष चेत नरायन सिंह ने बताया कि विपक्ष के नेता व सांसद राहुल गांधी के अयोध्या आने के संबंध में अब तक कोई सूचना संगठन के पास नहीं आई है।

ये भी पढ़ें : 
प्रदेश में नए युग का आगाज,5वीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारी..15 लाख करोड़ निवेश से शुरू होंगी 16 हजार से अधिक परियोजनाएं

संबंधित समाचार